JP Duminy Fastest 50 in T20: दक्षिण अफ्रीका के जीन पॉल डुमिनी ने गुरुवार देर रात इतिहास रच दिया। उन्होंने कैरेबियन प्रीमियर लीग 2019 (CPL 2019) में 15 गेंद पर अर्धशतक जड़ दिया। वे टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। जेपी डुमिनी टी20 मुकाबलों में सबसे तेज अर्धशतक लगाने के मामले में मार्टिन गप्टिल, यूसुफ पठान और सुनील नरेन के साथ संयुक्त रूप से चौथे नंबर पर पहुंच गए। वे टी20 मुकाबलों में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले दूसरे दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज हैं। पहले नंबर पर फरहान बेहरदीन हैं। फरहान ने 11 दिसंबर 20016 को ईस्ट लंदन में हुए टाइटंस और वॉरियर्स के मैच में 14 गेंद पर अर्धशतक लगाया था।
JP Duminy with his amazing performance takes the crown for play of the day for match 23 #CPL19 #BTvTKR #CricketPlayedLouder #BiggestPartyInSport pic.twitter.com/57ZxQ85lEy
— CPL T20 (@CPL) September 27, 2019
टी20 मुकाबलों में सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड भारत के युवराज सिंह के नाम है। उन्होंने 19 सितंबर 2007 को इंग्लैंड के खिलाफ मैच में 12 गेंद पर अर्धशतक लगाया था। वेस्टइंडीज के क्रिस गेल और अफगानिस्तान के हजरतउल्ला जजाई भी टी20 मुकाबलों में 12-12 गेंद पर अर्धशतक जड़ चुके हैं, लेकिन दोनों ने यह उपलब्धि युवराज सिंह के बाद हासिल की है।
गेल ने 18 जनवरी 2016 को मेलबर्न में खेले गए मेलबर्न रेनेगेड्स और एडिलेड स्ट्राइकर्स के मैच और जजाई ने पिछले साल 15 अक्टूबर को शारजाह में काबुल जवान और बल्ख लीजंड्स के मैच में 12 गेंद पर अर्धशतक लगाया था। टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड युवराज सिंह के नाम है।
कैरेबियन प्रीमियर लीग के इस मैच की बात करें तो बारबाडोस ट्राइडेंट्स की ओर से खेलते हुए जेपी डुमिनी ने 20 गेंद पर 4 चौके और 7 छक्के की मदद से 65 रन बनाए। इस मैच में बारबाडोस ट्राइडेंट्स ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। उसने 20 ओवर में 5 विकेट पर 192 रन का स्कोर खड़ा किया। उसे इस स्कोर तक पहुंचाने में डुमिनी के अलावा ओपनर जोहानसन चार्ल्स (58 रन, 39 गेंद, 8 चौके) और जोनाथन कार्टर (51 रन, 46 गेंद, 5 चौके, एक छक्का) ने भी अहम भूमिका निभाई। हालांकि, इन तीनों के अलावा उसका कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाया।