कैरेबियन प्रीमियर लीग में शुक्रवार सुबह यानी 13 सितंबर 2019 को (भारतीय समयानुसार 5:30 बजे से) जमैका थलाइवाज और सेंट लूसिया जूक्स के बीच मैच शुरू हुआ। इस मैच में सेंट लूसिया जूक्स ने 5 विकेट से जीत हासिल की। हालांकि, मैच के दौरान हुई एक घटना ने सबको चिंता में डाल दिया है। वेस्टइंडीज के स्टार बल्लेबाज आंद्रे रसेल घायल हो गए हैं।
दरअसल, सेंट लूसिया जूक्स के कप्तान क्रिस गेल ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला किया। जमैका थलाइवाज की बल्लेबाजी चल रही थी। 13वें की चौथी गेंद पर सेंट लूसिया के फवाद अहमद ने जमैका थलाइवाज के ग्लेन फिलिप्स को पवेलियन भेज दिया। आंद्रे रसेल बल्लेबाजी करने आए। चूंकि साइड चेंज हो गई थी, इसलिए रसेल को ओवर की आखिरी गेंद खेलने को मिली, लेकिन वे अपना खाता खोलने में नाकाम रहे।

अगला ओवर दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज हार्डुस विलजोएन लेकर आए। सामने जॉर्ज वार्कर थे। वार्कर ने चौका जड़ दिया। तीसरी गेंद पर एक रन लिया। अब विलजोएन के सामने रसेल थे। उन्होंने अपने ओवर की चौथी गेंद पर रसेल कोई रन नहीं ले पाए। विलजोएन ने अपने ओवर की 5वीं गेंद फेंकी, लेकिन रसेल गिर पड़े। रसेल इस गेंद को पुल करना चाह रहे थे। लेकिन विलजोएन की यह गेंद थोड़ी शॉर्ट थी और गेंद रसेल के बल्ले से कनेक्ट नहीं हुई। गेंद रसेल के हेलमेट में दाहिने कान के पास फंस गई।
रसेल मैदान पर ही गिर पड़े। ऐसा देख सेंट लूसिया के फील्डर तुरंत उनकी मदद के लिए दौड़े। उन्होंने रसेल का हेलमेट उतारा और गेंद बाहर निकाली। मेडिकल टीम के मैदान पर पहुंचने से पहले रसेल अपने पैरों पर तो खड़े हो गए थे, लेकिन बहुत थके हुए दिख रहे थे। रसेल ने चलकर मैदान से बाहर जाने की कोशिश की, लेकिन वे फिर से गिर पड़े। इसके बाद स्ट्रेचर में लिटाकर उन्हें मैदान से बाहर ले जाया गया।
इससे पहले फिजियो ने उनका कन्कशन टेस्ट लिया। इसमें यह देखा जाता है कि सिर में लगी चोट बहुत गंभीर तो नहीं है। चोटिल व्यक्ति होश में है या फिर अचेत हो गया है। हेलमेट में नेक गॉर्ड नहीं लगा हुआ था। जमैका थलाइवाज की पारी खत्म होने के बाद टीम के मुख्य कोच डोनोवैन मिलर ने संवाददाताओं को बताया कि रसेल की चोट के बारे में अब तक कोई अपडेट नहीं मिला है। हालांकि, उन्होंने चोट के ज्यादा गंभीर नहीं होने की उम्मीद जताई।
मैच के नतीजे की बात करें तो जमैका थलाइवाज ने 20 ओवर में 170 रन बनाए। उसकी ओर से रोवमैन पॉवेल ने 22 गेंद पर 44 रन की पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट लूसिया जूक्स की टीम ने 16.4 ओवर में 5 विकेट पर 171 रन बनाकर मैच जीत लिया। सेंट लूसिया के ओपनर आंद्रे फ्लेचर 36 गेंद पर 47 रन बनाकर नाबाद रहे। रहकीम कॉर्नवाल ने 30 गेंद पर 75 रन की पारी खेली। उन्होंने 4 चौके और 8 छक्के लगाए। रहकीम दुनिया के सबसे वजनी क्रिकेटर हैं।