भारत के कुछ युवा रेसलर शुक्रवार को खेल मंत्री मनसुख मांडविया के घर के बाहर पहुंचे थे। इन खिलाड़ियों की मांग थी कि वह वर्ल्ड चैंपियनशिप में हिस्सा लेना चाहते हैं जिससे रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया ने नाम वापस ले लिया था। खेल मंत्रालय ने खिलाड़ियों को भेजने का फैसला किया। इसके बाद रेसलर बबीता फोगाट और फेडरेशन के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण सिंह ने इसे साजिश का नाम दिया है।
फेडरेशन के चैंपियनशिप से हटने के फैसले के बाद बजरंग पूनिया ने गंभीर आरोप लगाया था। खेल मंत्रालय के हस्तक्षेप के बाद बबीता ने फोगाट ने ट्वीट किया और बजरंग को ही इसका कारण बता दिया।
बबीता फोगाट ने एक्स पर दिया रिएक्शन
बबीता ने एक्स पर लिखा, ’28 अक्टूबर से शुरू होने वाली विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में खेल मंत्रालय और भारत सरकार द्वारा भारतीय टीम को विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में भेजने का फैसला अत्यंत सुखदाई है। कुश्ती जैसे पवित्र खेल जो हरियाणा की शान है और देश की जान है को कुछ लोगों ने साजिश के तहत उसकी गरिमा को धूमिल करने की कोशिश की लेकिन उन्हें क्या पता खिलाड़ी तो आते जाते रहेंगे पर कुश्ती का खेल देश के दिलों में हमेशा जिंदा रहेगा।’
बृजभूषण सिंह ने बताया क्यों हुआ विवाद
बृजभूषण सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों के टूर्नामेंट में जाने को लेकर हुए इस विवाद का कारण साक्षी मलिक के पति सत्यव्रत कादियान है। उन्होंने कहा, ‘खेल मंत्रालय ने कुश्ती संघ पर प्रतिबंध लगा रखा है। जो वर्ल्ड रेसलिंग बॉडी है वह सरकार को नहीं मानता है। वह सबकुछ रेसलिंग फेडरेशन को मानता है। यह स्थिति शुरू से है लेकिन दोनों ने रास्ता निकाला और खिलाड़ी जा रहे थे।’
उन्होंने आगे कहा, ‘यह विवाद इसलिए उतपन्न हुआ क्यों कि साक्षी के पति सत्यव्रत कादियान हाई कोर्ट चले गए। वहां उन्होंने यह मांग की कि फेडरेशन ने सेलक्शन ट्रायल कराए, न नेशनल कराए न टीम भेजे। खेल की गतिविधियों एक दम ठप्पा हो जाए। हालांकि खेल फेडरेशन ने यूथ-23 वर्ल्ड चैंपियनशिप में भेजा लेकिन जज ने स्पष्ठ किया था सीनियर्स को लेकर।’
खेल मंत्री ने किया समस्या का समाधान
उन्होंने आगे कहा, ‘खेल मंत्री ने फेडरेशन के अध्यक्ष को बुलाया और वहां खिलाड़ी भी पहुंचे थे। खेल मंत्री ने कहा कि जो होगा वह देखा जाएगा लेकिन खिलाड़ियों का नुकसान नहीं होगा। इसलिए मंत्रालय के विश्वास पर खिलाड़ियों को आज सबह (शनिवार) टूर्नामेंट के लिए रवाना कर दिया गया। जो लोग कहते हैं कि वह खेल के लिए काम करते हैं लेकिन वह उसके खिलाफ काम कर रहे हैं।’
