क्रिकेट जगत में आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप चलने के साथ-साथ इन दिनों शादियों का भी मौसम चल रहा है। पिछले हफ्ते पाकिस्तान के दो स्टार खिलाड़ियों हसन अली और इमाद वसीम शादी के बंधन में बंधे। अब अगला नंबर ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल का है। खास यह है कि मैक्सवेल जिस लड़की से शादी की तैयारी कर रहे हैं, उसका नाम विनी रमन है। विनी का जन्म भारत में ही हुआ है।

मैक्सवेल और विनी दोनों एक दूसरे को लंबे समय से डेट कर रहे हैं। दोनों को अक्सर एक साथ देखा जाता है। दोनों के सोशल साइट्स अकाउंट पर एक दूसरे के साथ फोटो हैं। कुछ दिन पहले ऑस्ट्रेलिया में क्रिकेट अवार्ड नाइट के दौरान भी विनी और मैक्सवेल एकसाथ नजर आए थे। विनी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं। उनके इंस्टाग्राम पर हजारों फॉलोवर हैं। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर मैक्सवेल के साथ बहुत सारी तस्वीरें पोस्ट की हैं।

हसन अली की शादी दुबई में एक शानदार समारोह में हुई। उनकी पत्नी सामिया आरजू भारत के हरियाणा की रहने वाली हैं। वे पिछले तीन साल से एयर अमीरात में काम कर रही हैं। वहीं, इमाद ने एक सादे समारोह में इस्लामाबाद स्थित एक मस्जिद में निकाह किया। इमाद की पत्नी बिटिश-पाकिस्तानी हैं। मैक्सवेल भी इन दोनों खिलाड़ियों के नक्शेकदम पर हैं। वे जल्द ही विनी रमन से शादी करने वाले हैं। हालांकि, अब तक दोनों की शादी की तारीख तय नहीं हुई है।

हालांकि, मैक्सवेल से पहले शॉन टैट भी भारतीय लड़की से शादी कर चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया के इस पूर्व तेज गेंदबाज ने 2014 में मशहूम सिंघा से विवाह किया था। दोनों की मुलाकात इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की एक पार्टी के दौरान हुई थी। कुछ ही दिनों बाद दोनों शादी के बंधन में बंध गए थे।