भारत ने हांगझू में होने वाले एशियन गेम्स के लिए इस बार 655 खिलाड़ियों का दल भेजा था। सेंड ऑफ सेरेमनी के समय से ही यह कहा जा रहा था कि इस बार भारत का लक्ष्य मेडल का शतक लगाना है। भारत की शुरुआत धीमी थी लेकिन जैसे-जैसे दिन बीतने लगे मेडल्स आने की रफ्तार भी बढ़ती गई। गुरुवार को खेलों 11वें दिन तक भारत ने 86 मेडल हासिल कर लिए हैं।
भारत ने साल 2018 के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को पीछे छोड़ दिया है। इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में हुए एशियाड में भारत ने 70 मेडल जीत लिए थे। भारत पहले ही अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को पीछे छोड़ चुका है लेकिन क्या वह मेडल्स का शतक लगा पाएगा। जी हां, यह बिलकुल संभव है। अगर मेडल की संख्या और इवेंट्स को देखकर अंदाजा लगाएं तो भारत की मेडल संख्या 100 तक पहुंच सकती है।
कंपाउंड आर्चरी (4)
भारत ने इस खेल में पहले ही तीन मेडल हासिल किए हैं और उसके तीन मेडल पक्के हैं। महिला के व्यक्तिगत इवेंट के फाइनल में ज्योति वेन्नम सुरेखा हिस्सा लेंगी। उनका सिल्वर मेडल पक्का है। मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन अदिति गोस्वामी भी ब्रॉन्ज मेडल पर निशाना लगाने की कोशिश करेंगी। वहीं पुरुषों के फाइनल में गोल्ड और सिल्वर के लिए भारत के ही दोनों खिलाड़ियों का सामना होगा।
कबड्डी (2)
भारत की पुरुष और महिला टीमें सेमीफाइनल में पहुंच चुकी हैं। इस बार ब्रॉन्ज मेडल के लिए कोई मुकाबला नहीं होगा जिसका साफ मतलब है कि भारत के दो मेडल यहां पक्के हैं। पिछली बार दोनों टीमें गोल्ड नहीं जीत पाई थी और अब फिर से चैंपियन बनने को तैयार हैं।
हॉकी (1)
भारत की पुरुष टीम फाइनल में जगह पक्की कर चुकी है जहां उसका सामना जापान से होने वाला है। भारत का यहां सिल्वर मेडल पक्का है। वहीं महिला टीम के पास भी ब्रॉन्ज मेडल जीतने का मौका है।
बैडमिंटन (2)
एचएस प्रणॉय ने पुरुष सिंगल्स के सेमीफाइनल में जगह पक्की की है। इसके साथ ही भारत का इस वर्ग का मेडल पक्का हो गया है। भारत को सात्विकसाईराज और चिराग शेट्टी की डबल्स जोड़ी से भी उम्मीद है कि वह देश के लिए मेडल पक्का करेंगी।
क्रिकेट (1)
भारतीय परुष टीम सेमीफाइनल में बांग्लादेश का सामना करना वाली है। भारत से गोल्ड की उम्मीद की जा रही है। हालांकि अगर वह सेमीफाइनल हारी भी जाती है तब भी उनके पास ब्रॉन्ड मेडल जीतने का मौका होगा।
एशियन गेम्स के 12वें दिन की लाइव अपडेट्स यहां क्लिक करके पढ़ें
रेसलिंग (2)
भारत को बजरंग पूनिया और दीपक पूनिया से मेडल की उम्मीद होगी। बजरंग पिछले एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने में कामयाब रहे थे। उनपर खास नजरें होंगी। वहीं दीपक ने भी इंजरी के बाद ट्रायल्स में गजब की वापसी की थी।
शतरंज (2)
छह राउंड के बाद भारत की महिला और पुरुष टीमें दूसरे स्थान पर हैं। तीन राउंड बाद भी अगर वह अपनी लीड हासिल कर पाती हैं तो भारत के दो मेडल पक्के हो जाएंगे।