भारतीय जिम्नास्ट दीपा कर्माकर डोप जांच में असफल होने पर 21 महीने के प्रतिबंध को पूरा कर के 11 और 12 जुलाई को भुवनेश्वर में एशियन गेम्स के सेलेक्शन ट्रायल में भाग लेंगी। त्रिपुरा की 29 वर्षीय खिलाड़ी को मई में भारतीय जिम्नास्टिक महासंघ ने संभावित खिलाड़ियों की सूची में शामिल किया था। दीपा के बैन की अवधि 10 जुलाई को खत्म हो जाएगी। दीपा कर्माकर ने साल 2016 के रियो ओलंपिक खेलों में चौथा स्थान हासिल किया था। भारतीय फैंस इस ऐतिहासिक प्रदर्शन को देखने के लिए आधी रात तक जागे हुए थे। दीपा रातों-रात सोशल मीडिया पर छा गई थीं। दीपा के कारण ही भारत में जिम्नास्ट खेल लोकप्रिय हुआ था।

अगरतला में ट्रेनिंग कर रही हैं दीपा कर्माकर

दीपा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को फोन पर बताया, ‘‘यह पुष्टि हो गई है कि मैं ट्रायल में भाग लूंगी। मैं पिछले कुछ महीनों से अगरतला में ट्रेनिंग ले रही हूं। मुझे खुद से इसलिए प्रदर्शन की उम्मीद है।’’ दीपा किसी ग्लोबल इवेंट में गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली भारतीय जिमनास्ट है। उन्होंने 2018 में तुर्की में ‘आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक वर्ल्ड चैलेंज कप’ की वॉल्ट स्पर्धा में शीर्ष स्थान हासिल किया था। उन्होंने उसी वर्ष कॉटबस में कांस्य भी जीता था। वह 2014 ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स की ब्रॉन्ज मेडल विजेता और 2015 हिरोशिमा में एशियाई चैंपियनशिप में कांस्य विजेता भी हैं।

दीपा पर लगा था 21 महीने का बैन

इसके बाद लगातार चोट से जूझने के कारण उनका करियर प्रभावित हुआ। चोट के कारण ही वह टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकी। कर्माकर पर अंतरराष्ट्रीय टेस्टिंग एजेंसी (आईटीए) द्वारा कराये गए डोप टेस्ट में नाकाम रहने के बाद 21 महीने का बैन लगा दिया गया। कर्माकर के डोप नमूने 11 अक्टूबर 2021 को आईटीए द्वारा प्रतिस्पर्धा से इतर लिये गए थे। आईटीए अंतरराष्ट्रीय जिम्नास्टिक महासंघ (एफआईजी) के डोपिंग निरोधक कार्यक्रम का जिम्मा संभालने वाली स्वतंत्र एजेंसी है।

कोच नंदी को है दीपा कर्माकर की शानदार वापसी का यकीन

वह हिजेनामाइन के सेवन की दोषी पाई गई थी जो विश्व डोपिंग निरोधक एजेंसी की प्रतिबंधित सूची में है दीपा के कोच विश्वेश्वर नंदी ने कहा, ‘‘वह पिछले दो-तीन महीने से अभ्यास कर रही है। फिलहाल उसका ध्यान ट्रायल्स में अच्छा करने पर है।’’ रियो ओलंपिक (2016) में चौथे स्थान पर रहने वाली दीपा के अलावा इस ट्रायल के महिला वर्ग में प्रणति नायक, प्रणति दास, प्रतिष्ठा सामंत जैसे शीर्ष खिलाड़ी भाग लेंगे। पुरुष वर्ग में राकेश पात्रा, योगेश्वर सिंह शीर्ष नामों में शामिल हैं। जीएफआई ने रविवार को जारी एक पत्र में कहा, ‘‘ व्यक्तिगत वर्ग में बेहतर मूल्यांकन के लिए खिलाड़ियों को दो चरणों में मौके दिये जायेंगे।’’