स्टीवन स्मिथ के श्रृंखला के दूसरे शतक की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें और अंतिम टेस्ट के दूसरे दिन पहली पारी में 481 रन का प्रभावी स्कोर खड़ा किया।
ऑस्ट्रेलिया भले ही पांच मैचों की श्रृंखला गंवा चुका हो लेकिन भावी कप्तान स्मिथ के 143 रन की बदौलत टीम ने बल्लेबाजी में काफी सुधार करते हुए प्रभावी प्रदर्शन किया। ऑस्ट्रेलिया श्रृंखला में अभी 1-3 से पीछे है।
इसके जवाब में इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही और उसने चाय तक एक विकेट पर 30 रन बनाए। कप्तान एलिस्टेयर कुक 22 रन बनाने के बाद चाय के विश्राम से ठीक पहले नाथन लियोन की गेंद पर बोल्ड हो गए। इंग्लैंड की टीम अब भी ऑस्ट्रेलिया से 451 रन पीछे है। सलामी बल्लेबाज एडम लिथ चाय के समय आठ रन बनाकर खेल रहे थे।
माइकल क्लार्क की जगह ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी संभालने की तैयारी कर रहे स्मिथ ने इससे पहले अपने 33वें टेस्ट में 11वां शतक जड़ा। श्रृंखला में यह उनका दूसरा शतक है। इससे पहले लॉर्ड्स में दूसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की 405 रन की जीत के दौरान उन्होंने करियर की सर्वश्रेष्ठ 215 रन की पारी खेली थी।
इस पारी के साथ स्मिथ 1997 में मैथ्यू इलियट के बाद इंग्लैंड में एशेज श्रृंखला में 500 से अधिक रन बनाने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बने। स्मिथ ने एडम वोजेस (76) के साथ चौथे विकेट के लिए 146 जबकि मिशेल स्टार्क (58) के साथ आठवें विकेट के लिए 91 रन जोड़े।
ऑस्ट्रेलिया ने दिन की शुरूआत तीन विकेट पर 287 रन से की। स्मिथ 78 जबकि वोजेस 47 रन से आगे खेलने उतरे। वोजेस ने स्टुअर्ट ब्राड पर चौका जड़कर 99 गेंद में नौ चौकों की मदद से अर्धशतक पूरा किया। बेन स्टोक्स (133 रन पर तीन विकेट) ने वोजेस को पगबाधा आउट करके इंग्लैंड को दिन की पहली सफलता दिलाई।
स्टोक्स की यह गेंद ओवर की अंतिम गेंद थी और अगली गेंद पर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर पांच विकेट पर 332 रन हो जाता जब स्मिथ ने स्टीवन फिन (90 रन पर तीन विकेट) की गेंद पर विकेटकीपर जोस बटलर को कैच थमा दिया। यह गेंद हालांकि नोबॉल हो गई। अंपायर अलीम दार फिन की बड़ी नोबॉल को नहीं देख पाए लेकिन रीप्ले की सहायता के बाद यह नोबॉल करार दी गई। स्मिथ इस समय 92 रन बनाकर खेल रहे थे।
फिन ने इसके बाद मिशेल मार्श (03) को दूसरी स्लिप में बेल के हाथों कैच कराके अपना 100वां टेस्ट विकेट हासिल किया। मिशेल और उनके भाई शॉन मार्श एशेज श्रृंखला की सात पारियों में मिलाकर अब तक सिर्फ 50 रन बना पाए हैं।
स्मिथ ने इसके बाद मोइन अली (102 रन पर तीन विकेट) पर एक रन के साथ 197 गेंद में 12 चौकों और एक छक्के की मदद से शतक पूरा किया। अली ने लंच के पहले के अंतिम ओवर में पीटर नेविल (18) को बटलर के हाथों कैच कराया जबकि मिशेल जॉनसन (00) को बोल्ड करके ऑस्ट्रेलिया को सातवां झटका दिया।
स्मिथ दूसरे सत्र में फिन की गेंद को विकेटों पर खेलकर पवेलियन लौटे। उन्होंने 252 गेंद की अपनी पारी में 17 चौके और दो छक्के मारे।