पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की काबिलियत पर शायद ही किसी को शक हो। बतौर कप्तान उन्होंने अपने गेम प्लान से विरोधियों को हैरान किया है। विकेट के पीछे न जाने कितने ही बल्लेबाजों का शिकार किया है। अब भी वह कप्तान विराट कोहली की मैदान पर हरसंभव मदद करते हुए नजर आते हैं। शानदार कप्तान, विकेटकीपर और लीडर होने के अलावा महेंद्र सिंह धोनी लेग स्पिन के अलावा तेज गेंदबाजी भी कर लेते हैं। तो एेसा क्या है जो महेंद्र सिंह धोनी नहीं कर सकते? यह सवाल हम नहीं बीसीसीआई ने पूछा है। आधिकारिक ट्विटर हैंडल से बीसीसीआई ने एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें एमएस धोनी अक्षर पटेल को तेज गेंदबाजी करते दिख रहे हैं। धर्मशाला के मैदान पर पहले वनडे से पहले धोनी ने नेट्स पर गेंदबाजी में भी हाथ आजमाया। इस वीडियो के कैप्शन में बीसीसीआई ने लिखा, क्या कुछ एेसा है जो महेंद्र सिंह धोनी नहीं कर सकते। आपने उन्हें लेग स्पिन करते देखा है, अब उनकी तेज गेंदबाजी देखने का वक्त है। इस वीडियो को अब तक 7300 लोग लाइक कर चुके हैं और 1,330 लोगों ने इसे रीट्वीट किया है। इस वीडियो पर लोगों ने मजेदार कॉमेंट्स भी किए हैं।
Is there anything that @msdhoni cannot do? You have seen him bowl leg spin now it is time for seam up. #INDvSL pic.twitter.com/8WLuKnyyE5
— BCCI (@BCCI) December 9, 2017
@AnilKum8029562 नाम के यूजर ने लिखा, मुझे लगता है कि भारतीय टीम में एक और अॉलराउंडर शामिल हो गया है, जो विकेट लेने के अलावा बल्लेबाजी भी कर सकता है। @KINGBRAR6 ने लिखा कि किंग धोनी के लिए कुछ भी असंभव नहीं है। @Shailesh9994 के मुताबिक धोनी कुछ भी कर सकते हैं, वह सर्वश्रेष्ठ कप्तान हैं।

गौरतलब है कि भारत और श्रीलंका के बीच पहला वनडे कल सुबह 11.30 बजे धर्मशाला में खेला जाएगा। भारत पहले ही श्रीलंका को टेस्ट सीरीज में 1-0 से हरा चुका है। अब उसकी नजरें दोबारा श्रीलंका को मात देने पर होगी।

