भारतीय टीम के स्टार टी20 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा अपने करियर में दिन-प्रतिदिन नई उंचाई हासिल करते जा रहे हैं। जहां वह पिछले कई हफ्तों से दुनिया के नंबर 1 टी20 बल्लेबाज हैं। वहीं अब उन्हें आईसीसी की तरफ से स्पेशल अवॉर्ड मिला है। अभिषेक शर्मा को आईसीसी द्वारा सितंबर 2025 के लिए प्लेयर ऑफ द मंथ का अवॉर्ड मिला है। पहली बार उन्हें यह अवॉर्ड मिला है। अभिषेक को एशिया कप 2025 में शानदार प्रदर्शन का फल मिला है।
अभिषेक शर्मा ने टी20 एशिया कप 2025 में 200 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 314 रन बनाए थे। उसके बाद टी20 रैंकिंग के इतिहास में उन्होंने दुनियाभर में सबसे ज्यादा 931 रेटिंग अंक हासिल करते हुए भी वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था। अब 25 वर्षीय इस भारतीय खिलाड़ी को आईसीसी की तरफ से प्लेयर ऑफ द मंथ का अवॉर्ड मिला है। उन्होंने साथी खिलाड़ी कुलदीप यादव और ब्रायन बेनेट को पछाड़ते हुए यह अवॉर्ड जीता है। महिला क्रिकेट में भारतीय महिला टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना को प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया है।
क्या बोले अभिषेक शर्मा?
अभिषेक शर्मा को यह अवॉर्ड मिलने पर बीसीसीआई ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और एक्स पर पोस्ट किया। अभिषेक ने भी खुशी जताते हुए कहा,’यह अवॉर्ड मेरे लिए बहुत स्पेशल है। मुझे खुशी है कि मैं अपने प्रदर्शन से टीम को जिता सका और मुझे उसी प्रदर्शन के लिए यह अवॉर्ड मिला। यह अवॉर्ड हमारी टीम के अंदर के सकारात्मक माहौल का फल है जो हमारी टीम की ताकत भी है।’
अभिषेक शर्मा ने जब से टीम इंडिया के लिए अपना टी20 डेब्यू किया है वह लगातार कमाल का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने अभी तक भारत के लिए 24 टी20 इंटरनेशनल खेलते हुए 23 पारियों में 849 रन बनाए हैं। वह अभी तक 5 अर्धशतक और दो शतक भारत के लिए इस फॉर्मेट में लगा चुके हैं। उनका औसत 36 से अधिक और स्ट्राइक रेट 196 से अधिक का है।