पढ़ाई के बाद नौकरी हासिल करना आसान नहीं होता। आपको कभी रेज्यूमे के ढेर के ढेर बांटने होते हैं तो कभी दफ्तरों के चक्कर ही काटने पड़ते हैं। ऐसे में पढ़ाई करने के दौरान और उसके बाद भी इंटर्नशिप से नौकरी हासिल करने में आपको काफी मदद मिल सकती है। इंटर्नशिप लगभग हर इंडस्ट्री में कराई जाती है और यह फ्रेशर्स के एक्सपीरिएंस के लिए बेहद जरूरी मानी जाती है। कई बार फ्रेशर्स भी इंटर्नशिप से सीधे जॉब्स के लिए सिलेक्ट कर लिए जाते हैं। ऐसे में बेहतरीन इंटर्नशिप हासिल करने के लिए आपका कुछ बेसिक टिप्स को जनना जरूरी है। चलिए जानते हैं उनके बारे में।

प्लानिंग
बिना प्लानिंग के कोई भी काम करना अच्छा आइडिया नहीं है। इसलिए इंटर्नशिप की भी प्लानिंग करें। जिस कंपनी में आप इंटर्नशिप हासिल करना चाहते हैं उसके बारे में पूरी जानकारी रखें। इसके साथ ही हमेशा अपडेटिड रहें। कंपनी की वेबसाइट और सोशल मीडिया को फॉलो करने से आपको इस काम में मदद मिलेगी।

रेज्यूमे
प्रोफेशनल लाइफ की शुरुआत करने में रिज्यूमे पहली कड़ी है। इसलिए इसे हमेशा ध्यान से तैयार करें। आपके रेज्यूमे से पहला इंप्रेशन बनता है। अपने रेज्यूमे में कुछ भी कैजुअल या बढ़ा-चढ़ाकर न लिखें। आपको जिन विषयों पर सही जानकारी है, सिर्फ उसके बारे में ही लिखें। न ही अपनी एजुकेशन क्वॉलिफिकेशन्स या फिर स्किल्स के बारे में कोई झूठ लिखें। इसके अलावा किसी विशेषज्ञ से मदद लेना फायदेमंद रहेगा।

कंपनी
आप अगर किसी कंपनी के लिए अप्लाई करने चाहते हैं तो उसकी पूरी जानकारी रखें। आपसे कंपनी से जुड़े सवाल भी पूछे जा सकते हैं। ऐसे में उस कंपनी का बैकग्राउंड चेक करें ताकि आपको ज्यादा से ज्यादा जानकारी रहे।

फ्री नहीं पेड
हमेशा उन कंपनियों में इंटर्नशिप हासिल करने की कोशिश करें जो नामी हों और जिनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो। कई बार ऐसा भी होता कि कंपनियां लंबे समय तक सिर्फ फ्री में ही इंटर्नशिप करवाती हैं और जॉब देने के वक्त पर हाथ खड़े कर लेती हैं। फ्री में काम करना अच्छा आइडिया नहीं है, क्योंकि इसमें आप कड़ी मेहनत तो करते हैं लेकिन जरूरी की उसका फल आपको मिल ही जाए।

पॉजिटिव रहें
हो सकता है कि आप इंटर्नशिप न मिलने या फिर लंबे समय तक इंटर्नशिप करने से परेशान हो चुके हों। ऐसे में हिम्मत बिलकुल भी न हारें। पॉजिटिव रहें। ऐसी स्थिति में आप इंटर्नशिप बदलने के विकल्प के बारे में भी सोच सकते हैं। बेहतर मौके की तलाश में जुटे रहें। अगर इंटर्नशिप का ठीक-ठाक एक्सपीरिएंस हासिल कर चुके हैं जो जॉब्स के लिए अप्लाई करना शुरू करें।