GAIL इंडिया लिमिटेड ने एक्जिक्यूटिव ट्रेनी पदों के लिए भर्ती अधिसूचना जारी की है। इन पदों पर उम्मीदवारों का चयन GATE परीक्षा के स्कोर्स के आधार पर किया जाएगा। रिक्रूटमेंट के लिए उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन कराना होगा जो 12 फरवरी 2019 से शुरू होगा। आखिरी तारीख 13 मार्च 2019 होगी। एक्जिक्यूटिव ट्रेनी के विभिन्न ब्रांच के लिए रिक्रूटमेंट होनी है। एक्जिक्यूटिव ट्रेनी (केमिकल) पद पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का केमिकल/ पेट्रोकेमिकल/ केमिकल टेक्नोलॉजी या पेट्रोकेमिकल टेक्नोलॉजी इंजीनियरिंग ग्रेजुएट (65% मार्क्स) होना अनिवार्य है। वहीं एक्जिक्यूटिव ट्रेनी (उपकरण) पद के लिए उम्मीदवार का उपकरण/ उपकरण एवं नियंत्रण/ इलेक्ट्रॉनिक्स एवं उपकरण/ इलेक्ट्रिकल एवं उपकरण/ इलेक्ट्रॉनिक्स या इलेक्ट्रॉनिक्स एवं इलेक्ट्रिकल में ग्रेजुएट (65% मार्क्स) होना अनिवार्य है।

आवेदन करने की अधिकतम आयु सीमा 28 साल निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों का चयन GATE परीक्षा के मार्क्स के तहत होगा। बता दें Graduate Aptitude Test in Engineering (GATE 2019) परीक्षा 2, 3, 9 और 10 फरवरी 2019 को आयोजित होगी। GATE के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 1 अक्टूबर 2018 थी। वहीं एग्जाम सिटी बदलवाने की अंतिम तारीख 16 नवंबर 2018 है। लेकिन एग्जाम सिटी बदलवाने के लिए उम्मीदवार को अतिरिक्त शुल्क जमा कराना होगा। परीक्षा के एडमिट कार्ड 4 जनवरी 2019 को जारी किए जाएंगे। परीक्षा नतीजे 16 मार्च 2019 को जारी कर दिए जाएंगे। Indian Institute of Technology (IIT) Madras इस साल GATE का आयोजन करा रहा है।

GATE 2019 Exams- 2, 3, 9 और 10 फरवरी 2019 को परीक्षा होगी। पहले स्लॉट में परीक्षा सुबह 9 से 12 बजे तक चलेगी। वहीं दूसरे स्लॉट की परीक्षा दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक चलेगी। परीक्षा लगभग 24 विषयों के लिए होगी। इनमें एयरोस्पेस इंजीनियरिंग, कृषि इंजीनियरिंग, वास्तुकला और योजना, जैव प्रौद्योगिकी, सिविल इंजीनियरिंग, केमिकल इंजीनियरिंग, इंस्ट्रुमेंटेशन इंजीनियरिंग, गणित और मैकेनिकल इंजीनियरिंग विषय शामिल हैं। एक उम्मीदवार किसी भी एक सत्र में सिर्फ एक ही विषय की परीक्षा में शामिल हो सकता है।

परीक्षा पैटर्न- GATE 2019 के लिए परीक्षार्थियों को 3 घंटे का समय मिलेगा। 100 मार्क्स की परीक्षा के लिए कुल 65 प्रश्न होंगे। परीक्षा कम्प्यूटर बेस्ड होगी। परीक्षा दो खंड में आयोजित होगी। विषयों की बात करें तो इसमें जनरल एप्टिट्यूड, इंजीनियरिंग मैथ और कोर इंजीनियरिंग विषयों से जुड़े सवाल होंगे। परीक्षा में मल्टिपल चॉइस (MCQs) और रिक्त स्थान भरें, दोनों प्रकार के प्रश्न होंगे। MCQs के लिए निगेटिव मार्किंग होगी।