Rashmika Mandana Deepfake Video: चर्चित अभिनेत्री रश्मिका मंदाना का एक डीपफेक (Deepfake) वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को रश्मिका का बताया जा रहा है। लेकिन लाइटहाउस जर्नलिज्म ने अपनी पड़ताल में पाया कि वीडियो नकली है और डीपफेक तकनीक का उपयोग करके बनाया गया है। असली वीडियो में ज़ारा पटेल नामक महिला हैं।
बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर की अपकमिंग फिल्म ‘एनिमल’, अनाउंसमेंट के बाद से ही लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। फिल्म में रणबीर कपूर जबरदस्त एक्शन सीन्स करते नजर आएंगे और इसकी झलक पहले भी पोस्टर्स और क्लिप्स में दी जा चुकी है। फिल्म में रणबीर कपूर के साथ साउथ की सुपरस्टार एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना फीमेल लीड रोल प्ले करती नजर आएंगी।
क्या वायरल हो रही है?
इंस्टाग्राम उजर Ankita Rajput ने वायरल वीडियो अपने प्रोफ़ाइल पर साझा किया।
इस वीडियो को 29 हजार से ज्यादा बार देखा जा चुका है। अन्य यूजर्स को भी इस वीडियो को शेयर करते हुए देखा जा सकता है।
कैसे हुई पड़ताल?
वीडियो के स्क्रीनशॉट लेने और उसे रिवर्स इमेज सर्च में डालकर सर्च करने से अलग-अलग वेबसाइट पर कई वीडियो मिले। कुछ में अभिनेत्री रश्मिका मंदाना नजर आ रही थीं। वहीं कुछ में एक अन्य महिला दिख रही थी। Reddit के एक पोस्ट पर क्लिक करने पर पता चला कि रश्मिका के अलावा, जिस महिला का वीडियो वायरल हो रहा है, वह ज़ारा पटेल हैं।

हमें मूल वीडियो ज़ारा पटेल के इंस्टाग्राम प्रोफ़ाइल पर मिला।
हमें एक्स (पहले ट्विटर) पर भी एक वीडियो मिला, जिसमें फैक्ट चेक किया गया था।
इस जानकारी को अमिताभ बच्चन ने भी रीट्वीट किया है।
डीपफेक क्या है?
पिछले कुछ वर्षों में आम लोगों के बीच डीपफेक की चर्चा बढ़ी है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल को ऐक्सेस करना जितना आसान होता जा रहा है। डीपफेक जीवन को अधिक प्रभावित करते जा रहा है। हालांकि यह नया कॉन्सेप्ट नहीं है। फिल्मों के लिए डीपफेक का इस्तेमाल काफी पहले से किया जा रहा है।
मशीन लर्निंग का एक पार्ट होता है डीप लर्निंग। इसी डीप लर्निंग से बना है डीपफेक। मशीन लर्निंग की दुनिया में डीप का मतलब मल्टीपल लेयर्स होता है। डीपफेक एक तस्वीर की विशेषताओं को दूसरी तस्वीर की विशेषताओं से बदल देता है।
कैसे पहचाने डीपफेक?
जैसे-जैसे तकनीक में सुधार होता जा रहा है, डीपफेक की पहचान कठिन होती जा रही है। द गार्डियन की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2018 में अमेरिकी शोधकर्ताओं ने पाया कि डीपफेक वीडियो में चेहरे सामान्य रूप से पलकें नहीं झपकाते हैं। इसमें कोई आश्चर्य की बात भी नहीं है। तस्वीरों और वीडियो में अक्सर लोगों को अपनी आंखें खुली दिखाती हैं, इसलिए एल्गोरिदम वास्तव में पलक झपकाने के बारे में ठीक से सीख ही नहीं पाता था। लेकिन अब यह भी सीखने लगा है।
खराब गुणवत्ता वाले डीपफेक को पहचानना आसान होता है। लिप सिंकिंग ख़राब हो सकती है, या त्वचा का रंग ख़राब हो सकता है। ज़ारा पटेल वाले वीडियो में भी चेहर तो रश्मिका मंदाना का लगा दिया गया है लेकिन वीडियो में आवाज ज़ारा की ही है।
निष्कर्ष: भारतीय अभिनेत्री रश्मिका मंदाना के नाम से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहा वीडियो, एक डीपफेक वीडियो है। एआई की मदद से जारा पटेल के शरीर पर मंदाना का चेहरा दिखाया गया है। वायरल वीडियो फर्जी है।