नए वर्ष 2023 (Happy New Year) की शुरुआत हो चुकी है। देशभर में लोगों ने नाच-गाकर न्यू ईयर का वेलकम किया। सिडनी में न्यू ईयर पर आतिशबाजी देखने के लिए 10 लाख लोग इकट्ठा हुए। अलग-अलग देशों में नए साल का स्वागत अलग-अलग तरह से किया जाता है। कई देशों में अलग-अलग समय पर न्यू ईयर मनाया जाता है क्योंकि सभी देश ग्रिगोरियन कैलेंडर को फॉलो नहीं करते। फिर भी ग्रिगोरियन कैलेंडर के अनुसार दुनिया भर में सबसे बड़े पैमाने पर नये साल के स्वागत किया जाता है। कई देश बहुत ही अनोखे तरीके से नया साल मनाते हैं। आइए जानते हैं न्यू ईयर से जुड़ी दिलचस्प (Unknown Facts of New Year Celebrations) बातें:
डेनमार्क में प्लेट तोड़कर मनाते हैं न्यू ईयर
यूरोप के एक देश डेनमार्क में नए साल का स्वागत बहुत ही अजीब तरह से किया जाता है। वहां लोग अपने घर के प्लेट्स तोड़कर न्यू ईयर मनाते हैं। डेनमार्क के लोग अपने दोस्तों, पड़ोसियों, रिश्तेदारों के दरवाजे पर पुरानी प्लेट्स तोड़कर उन्हें शुभकामनाएं देते हैं। जिसके दरवाजे पर जितनी ज्यादा प्लेटें टूटी होती हैं, ऐसा माना जाता है कि उसे नए साल की उतनी ही अधिक शुभकामनाएं मिली हैं।
स्पेन में 12 अंगूर खाकर करते हैं नए साल का स्वागत
स्पेन और लैटिन अमेरिका के कुछ हिस्सों में लोग नए साल का स्वागत अंगूर खाकर करते हैं। वह भी एक या दो अंगूर नहीं। लोग गिनकर पूरे 12 अंगूर खाते हैं। 31 दिसंबर की रात में जैसे ही घड़ी में 12 बजता है और नए साल का आगमन होता है, लोग फटाफट अपने मुंह में 12 हरे अंगूर भरने लगते हैं। ऐसा करने के पीछे मान्यता है कि आने वाले 12 महीने खुशहाली से भरे होंगे।
ब्रेड से बजाते हैं दीवार और दरवाजा
आयरलैंड में न्यू ईयर के मौके पर लोग ब्रेड को दीवार पर पटकते हैं। दरअसल नए साल के मौके पर जिन ब्रेड्स को घर की दीवारों और दरवाजों पर पटका जाता है उसे क्रिसमस के दिन तैयार किया गया होता है। यह एक आयरिश अंधविश्वास का हिस्सा है। वहां के लोग ऐसा मानते हैं कि ऐसा करने से बुरी किस्मत से पीछा छूटता है और नए साल की शुरुआत से पहले अच्छी आत्माओं को आमंत्रित किया जाता है।
तुर्की में लोग दरवाजे पर छिड़कते हैं नमक
आधी रात को 12 बजे तुर्की में लोग अपने दरवाजे पर नमक छिड़कते हैं क्योंकि ऐसा माना जाता है कि ऐसा करने से आने वाले साल में समृद्धि और शांति मिलेगी।
