कभी चुस्ती और फुर्ती का पर्याय रहे ब्रूस ली का जन्म 27 नवंबर 1940 को सैन फ्रांसिस्को में हुआ था। दुनिया के इस सबसे मशहूर मार्शल आर्टिस्ट की लंबाई पांच फीट चार इंच थी। वजन मात्र 64 किलो था। लेकिन माना जाता है कि उनमें ताकत फौलाद की तरह थी। उन्होंने खुद को विशेष तरह के मार्शल आर्ट से लैस कर लिया था। बतौर फिल्म अभिनेता जब वह प्रसिद्धि के चरम पर थे तभी सिर्फ 32 साल की उम्र में उनका निधन हो गया। उनकी मौत कैसे हुई, यह आज भी एक रहस्य है, जिसके बारे में आगे जानेंगे। पहले ब्रूस ली के बारे में जान लेते हैं।

ओपेरा गायक थे पिता

ब्रूस ली के पिता ली होई चुएन कैंटोनीज़ ओपेरा गायक थे। उनकी मां तत्कालीन ब्रिटिश उपनिवेश के सबसे धनी और सबसे प्रसिद्ध यूरेशियन परिवारों में से एक से थीं। वह स्कूल में अंग्रेजी सीखते हुए और घर पर चीनी बोलते हुए बड़े हुए। ली अभी चार महीने के थे तब ही उनका परिवार हांगकांग में कॉव्लून लौट आया।

वह बहुत कम उम्र में ही फिल्मों में अभिनय करने लगे थे। पांच साल की उम्र में ब्रूस ली ‘द बर्थ ऑफ मैनकाइंड’ (1946) और ‘फू गुई फू यूं’ (1948) सहित फिल्मों में बच्चों की भूमिकाओं में नजर आने लगे थे। 12 साल की उम्र में ब्रूस ली ‘ला सैले कॉलेज’ जाना शुरू कर चुके थे।

एक बार ब्रूस ली को स्ट्रीट गैंग के कुछ लोगों ने पीट दिया। इसके बाद उन्होंने मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग लेने की ठानी। उन्होंने पांच वर्षों तक विंग चुन कुंग फू की शिक्षा ली। यह ली द्वारा किया गया एकमात्र औपचारिक मार्शल आर्ट प्रशिक्षण था। इसके बाद उन्होंने जो सीखा खुद से सीखा और अपना एक नया मार्शल आर्ट फार्म तैयार किया। ब्रूस ली ने डांस की भी ट्रेनिंग ली थी। उन्हें चा-चा डांस बहुत पसंद था। उन्होंने 18 साल की उम्र में हांगकांग में एक प्रमुख डांस चैम्पियनशिप भी जीती थी।

अमेरिका में मशहूर लोगों को मार्शल आर्ट की पर्सनल ट्रेनिंग देते थे ली

1959 में ब्रूस ली अमेरिका लौटे। उन्होंने वाशिंगटन विश्वविद्यालय में दाखिला लिया और सिएटल में एक मार्शल-आर्ट स्कूल खोला। 1964 में उन्होंने लिंडा एमरी से शादी की, जिन्होंने 1965 में ब्रैंडन ली को जन्म दिया। इसके बाद दंपति को एक और बच्चा हुआ।

1966 ली लॉस एंजिल्स चले गए। पहले वह टेलीविजन कार्यक्रम द ग्रीन हॉर्नेट (1966-1967) में हॉर्नेट के एक्रोबेटिक साइड किक ‘काटो’ की भूमिका में नजर आए। ली अमेरिका के कराटे टूर्नामेंटों में भी दिखाई दिए। वह अभिनेता स्टीव मैक्वीन सहित अन्य कई मशहूर लोगों को मार्शल आर्ट की पर्सनल ट्रेनिंग भी देते थे।

फिर लौटे हांगकांग

हॉलीवुड में उन्हें अच्छा मौका मिल नहीं रहा था, इसलिए वह 1970 के दशक की शुरुआत में हांगकांग लौटे। उन्होंने एक्शन फिल्म द बिग बॉस (1971) की। यह दर्शकों को खूब पसंद आया और वह एशिया में एक स्टार के रूप में स्थापित हो गए। इसके बाद ली ने अपनी खुद की प्रोडक्शन कंपनी ‘कॉनकॉर्ड प्रोडक्शंस’ की स्थापना की। अपनी अगली फिल्म ‘द वे ऑफ द ड्रैगन’ (1972) में ली ने न सिर्फ अभिनय किया, बल्कि लेखन और निर्देशन की भी जिम्मेदारी उठाई।

अब तक ली हॉलीवुड की नजरों में आ गए थे। उनकी अगली फिल्म एंटर द ड्रैगन रिलीज हुई। लेकिन फिल्म की रिलीज से पहले ही ली की मौत हो गई। 1973 की शुरुआत में फिल्मा की शूटिंग का काम पूरा हो गया था। बाद के वक्तों में ब्रूस ली पोस्ट प्रोडक्शन काम में जुटे हुए थे। दोस्तों और सहकर्मियों के मुताबिक, इस दौरान ब्रूस ली की तबीयत ठीक नहीं थी और 20 जुलाई, 1973 को उनकी मौत हो गई।

मौत से पहले

मौत से पहले ली अभिनेत्री बेट्टी टिंग पेई के अपार्टमेंट में थे। वहीं उन्हें सिरदर्द हुआ। अभिनेत्री ने उन्हें इक्वेजेसिक नामक दवा दी। ली आराम करने के लिए लेटे और फिर कभी नहीं उठे। अपनी मृत्यु से कई महीने पहले ली ने शरीर में पसीना बनने वाली ग्रंथि को ऑपरेशन के जरिए निकलवा दिया था। उन्हें लगता था कि स्क्रीन पर उनके गीले अंडरआर्म्स (कांख) खराब दिखते हैं। इससे उनके शरीर की गर्मी सहने की क्षमता कम हो गई।

अपनी मौत से दस सप्ताह पहले ली एंटर द ड्रैगन के संवाद को फिर से रिकॉर्ड करने के लिए एक छोटे से डबिंग रूम में थे। इंजीनियरों ने एयर कंडीशनर को बंद कर दिया ताकि इसके शोर से साउंडट्रैक खराब न हो। डबिंग रूम में  करीब 30 मिनट रहने के बाद ली बेहोश हो गए थे। उनके शरीर में ऐंठन होना था। उन्हें अस्पताल ले जाया गया और वहां मुश्किल से उनकी जान बची। माना जाता है कि ली मौत हीट स्ट्रोक के कारण हुई।

कई थ्योरी

ली का शव सिएटल गया, वहीं उन्हें दफनाया गया। 32 वर्ष की कम उम्र में उनकी अचानक मृत्यु से उनके निधन मौत को लेकर कई अफवाहें और अटकलें लगने लगीं। यह माना गया कि ली की हत्या चीनी गैंगस्टरों द्वारा की गई थी। जबकि एक अन्य अफवाह यह फैली कि अभिनेता एक अभिशाप का शिकार हो गया था। अभिशाप वाली थ्योरी एक बार फिर तब चर्चा में आई जब ली के 28 वर्षीय बेटे ब्रैंडन की 31 मार्च, 1993 को फिल्म द क्रो के सेट पर शूटिंग के दौरान मौत हो गई। जूनियर ली की सिएटल के लेक व्यू कब्रिस्तान में उनके पिता के बगल में दफनाया गया था।

ज्यादा पानी पीने से हुई मौत?

ब्रूस की मौत के 50 साल बाद वैज्ञानिकों ने दावा था कि उनकी मौत ज्यादा पानी पीने से हुई थी। क्लिनिकल किडनी जर्नल ने अपनी रिपोर्ट में बताया था कि ब्रूस ली की किडनी एक्स्ट्रा पानी को बाहर निकालने में फेल रहीं थी, इससे उनके खून में सोडियम की मात्रा कम हो गई, यही उनकी मौत का कारण बना। हालांकि आज भी ब्रूस ली की मौत के कारण आम सहमति नहीं बन पाई है।