विश्व के सबसे वृद्ध पुरुष यसुतारो कोएदे की 112 साल की उम्र में मंगलवार को मध्य जापान में निधन हो गया। शहर के एक अधिकारी ने बताया कि कोएदे की जापान के नागोया शहर के एक अस्पताल में मृत्यु हो गई जहां वह लंबे समय से रह रहे थे। राइट बंधुओं के पहली बार सफल विमान बनाने से कुछ महीने पहले कोएदे का जन्म हुआ था। अधिकारियों ने बताया कि विश्व के सबसे वृद्ध पुरुष की मृत्यु हृदय गति के रुक जाने और निमोनिया के कारण हुई। कोएदे का जन्म 13 मार्च, 1903 को हुआ था। रिपोर्ट के अनुसार लंबी उम्र के राज के बारे में एक बार कोएदे ने कहा था- ज्यादा काम करने से परहेज करना और उमंग के साथ जीवन जीना सबसे अच्छी चीज है।