दुनिया का सबसे बड़े एयरक्राफ्ट एयरलैंडर 10 (Airlander 10) ने आखिरकार अपनी पहली उड़ान भर ली। इस सफल उड़ान को करने की कोशिश आज से नहीं पिछले 85 सालों से जारी थी। 1930 में R101 नाम के एक ऐसे ही प्लेन ने भी उड़ान भरने की कोशिश की थी लेकिन वह हादसे का शिकार हो गया था। उस हादसे में 48 लोग मारे गए थे। Airlander 10 ने अपनी पहली सफल उड़ान मंगलवार (16 अगस्त) को भरी। यह कारनामा उसने इंग्लैंड के कार्डिंगटन एयरफील्ड में किया। हालांकि, अभी इसका ट्रायल ही था इसलिए इसे ज्यादा दूरी तक नहीं उड़ाया गया। इसको पहले रविवार को उड़ाया जाने वाला था लेकिन कुछ टेक्निकल फॉल्ट के चलते उस दिन टेस्ट नहीं हुआ। मंगलवार को हुई उड़ान 30 मिनट की थी। आने वाले वक्त में इसके और ट्रायल भी हो सकते हैं।
यह प्लेन हीलीयम गैस की मदद से उड़ाया जाता है। यह ज्यादा उंचाई पर नहीं उड़ सकेगा और ना ही इसकी स्पीड ज्यादा तेज होगी। Airlander 10 की टॉप स्पीड 92mph रहेगी। फिलहाल इसका इस्तेमाल सेना का सामान इधर से उधर करने के लिए किया जाने वाला है लेकिन आने वाले वक्त में इसके और उपयोग भी देखने को मिल सकते हैं। इसमें बाकी जहाजों के मुकाबले ज्यादा सामान ले जाया जा सकता है। यह अबतक के सबसे बड़े एयरक्राफ्ट A380 से बड़ा है। इसमें अधिकतम 50 लोग एक साथ सफर कर सकते हैं। यह 92 मीटर लंबा और 26 मीटर ऊंचा है। इसमें एकसाथ 10 हजार किलो समान लादा जा सकता है।