इंडोनेशिया से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। सेंट्रल इंडोनेशिया की एक महिला अजगर के पेट में मृत पाई गई है। महिला तीन दिन से लापता थी और उसके पति ने शिकायत दर्ज कराई। एक स्थानीय अधिकारी ने समाचार एजेंसी एएफपी को शनिवार को बताया कि एक इंडोनेशियाई महिला (जो लापता थी) को अजगर ने पूरा निगल लिया था। 45 वर्षीय फरीदा को उसके पति और दक्षिण सुलावेसी प्रांत के कलेमपांग गांव के निवासियों ने शुक्रवार को अजगर के अंदर मृत पाया।
अजगर की लंबाई करीब 5 मीटर (16 फीट) थी। महिला गुरुवार रात लापता हो गई और घर नहीं लौटी। गांव के मुखिया सुआर्डी रोज़ी ने एएफपी को बताया कि इसके बाद एक तलाशी अभियान शुरू किया गया। सुआर्डी ने कहा, “उनके पति को उनका सामान मिला, जिससे उन्हें संदेह हुआ। ग्रामीणों ने फिर इलाके की तलाशी ली। जल्द ही उन्हें बड़े पेट वाला एक अजगर दिखाई दिया।”
सुआर्डी रोज़ी ने आगे कहा, “वे अजगर का पेट काटने पर सहमत हो गए। जैसे ही उन्होंने ऐसा किया, फ़रीदा का सिर तुरंत दिखाई देने लगा।” महिला अजगर के पेट के अंदर पूरे कपड़े पहने हुई पाई गई। इंडोनेशिया में हाल के वर्षों में अजगरों द्वारा व्यक्तियों को निगलने से कई मौतें हुई हैं।
पिछले साल ही दक्षिणपूर्व सुलावेसी में तिनंगगिया जिले के निवासियों को आठ मीटर के अजगर का सामना करना पड़ा। अजगर को उन्होंने मार डाला क्योंकि वह गांव में एक किसान का गला घोंट रहा था और खा रहा था।
2018 में दक्षिणपूर्व सुलावेसी में स्थित मुना शहर में एक 54 वर्षीय महिला को सात मीटर के अजगर के भीतर मृत पाया गया था। पिछले वर्ष पश्चिम सुलावेसी का एक किसान गायब हो गया था, जिसे बाद में ताड़ के तेल के बागान में चार मीटर के अजगर द्वारा जिंदा खाया हुआ पाया गया।