फ्रांस में एक महिला ने सुपरमार्केट में चाकू से हमला कर 2 लोगों को घायल कर दिया है। बताया जा रहा है कि महिला ने हमले से पहले अल्लाहू अकबर कहा और दोनों पीड़ितों को चाकू से घायल कर दिया। खबर के अनुसार, यह घटना फ्रांस के दक्षिण पूर्व में स्थित ला सेन-सुर-मेर नामक सुपरमार्केट की है, जहां आरोपी महिला ने सुपरमार्केट के एक कर्मचारी और एक ग्राहक को कटर चाकू मारकर घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी महिला को पकड़ लिया गया और फिलहाल वह पुलिस हिरासत में है। मौके पर एक प्रत्यक्षदर्शी ने एएफपी टीवी से बातचीत के दौरान बताया कि आरोपी महिला ने घटना के वक्त अल्लाहू अकबर चिल्लाया था।

माना जा रहा है कि महिला किसी मानसिक बीमारी का शिकार भी हो सकती है। वहीं शुरुआती जांच में पुलिस को महिला के कट्टरपंथी होने का कोई सबूत नहीं मिला है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। इससे पहले इसी साल मार्च के महीने में भी फ्रांस के एक सीमावर्ती शहर में एक शूटर ने सुपरमार्केट में गोलीबारी करके 4 लोगों की हत्या कर दी थी। इस हमले में 15 लोग घायल भी हुए थे। यह हमला फ्रांस और स्पेन की सीमा पर स्थित शहर कारकासोने में किया गया था। बाद में पुलिस ने ऑपरेशन चलाकर मौके पर ही हमलावर को ढेर कर दिया था।

उल्लेखनीय है कि फ्रांस पिछले कुछ समय से आतंकियों के निशाने पर है। नवंबर, 2015 में फ्रांस की राजधानी पेरिस में घातक आतंकी हमला हुआ था, जिसमें 137 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। 2015 में विभिन्न आतंकी हमलों में फ्रांस में करीब 240 लोगों की मौत हो गई थी। हाल ही में खबर आयी है कि फ्रांस अपने सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थल एफिल टावर को आतंकियों से बचाने के लिए कांच का एक सुरक्षा घेरा तैयार कर रहा है। इस कांच की दीवार को इतना मजबूत बनाया गया है कि इस पर गोलियों का भी असर नहीं होगा। कांच की इस दीवार के जुलाई तक तैयार हो जाने की उम्मीद है। फ्रांसीसी सेना और पुलिस को भी एफिल टावर की सुरक्षा में तैनात किया जा रहा है।