फ्लोरिडा में एक 70 वर्षीय महिला के गिरने के बाद उनकी 20 साल से ज्यादा समय से गायब आंखों की रोशनी लौट आई है। महिला अपने ही घर में गिर गई थी, जिससे उन्हें सिर में चोट आई थी। डॉक्टर इसे चमत्कार बता रहे हैं। साल 1993 में एक कार दुर्घटना में मेरी अन फ्रांको की आंखों को रोशनी चली गई थी। उसके बीस साल बाद उनके साथ एक और दुर्घटना हुई। लेकिन यह दुर्घटना उनके लिए वरदान साबित हुई और उनकी आंखों की रोशनी वापस आ गई। हालांकि, अभी डॉक्टर यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर यह हुआ कैसे।
मेरी अंग्रेजी अखबार इंडिपेंडेंट से बात करते हुए बताती हैं, ‘मैं लिविंग रूम में थी और दरवाजे की ओर जा रही थी। मेरा पैर फिसल गया। मेरे सिर में पीछे की ओर चोट लगी थी।’
यह घटना अगस्त 2015 की है। उसके बाद वे चलने-फिरने में अक्षम थीं। उनका कुछ सप्ताह पहले ही ऑपरेशन हुआ है। उनकी गर्दन का चार घंटे लंबा ऑपरेशन चला। जब वे बेहोशी की दवा के असर से बाहर आईं तो उन्होंने पाया कि उनकी आंखों की रोशनी वापस लौट आई है। हालांकि, उन्हें पहली बार तो पता ही नहीं लगा कि उनकी आंखों की रोशनी लौट आई है। मेरी ने बताया कि मुझे और दवा दी गई और अगली सुबह में अस्पताल की खिड़की से सारे पेड़ और सफेद घर देख पा रही थी।
उनका ऑपरेशन करने वाले न्यूरोसर्जन डॉ. जॉन अफशर ने एबीसी न्यूज को बताया कि उन्होंने उम्मीद ही नहीं की थी कि उनकी रोशनी प्रभावित होगी। साथ ही उन्होंने इसे एक चमत्कार बताया है।
