Starbucks Employee Strike: कॉफी पीने और एक-दूसरे के साथ अच्छा वक्त बिताने के लिए लोग स्टारबक्स के कैफे में जाते हैं। खास तौर पर क्रिसमस, न्यू ईयर के मौके पर स्टारबक्स के कैफे में काफी भीड़ देखने को मिलती है लेकिन अमेरिका में स्टारबक्स वर्कर्स यूनियन से जुड़े कर्मचारी पांच दिन की हड़ताल पर चले गए हैं। पिछले कुछ सालों में भारत में भी स्टारबक्स की कॉफी और स्नैक्स पॉपुलर हुए हैं।
यूनियन का कहना है कि हड़ताल के तहत शुरुआत में लॉस एंजिल्स, शिकागो और सिएटल में स्टारबक्स के कैफे बंद कर दिए गए थे और अब न्यूजर्सी, न्यूयॉर्क, फिलाडेल्फिया और सेंट लुइस में भी कैफे और स्टोर बंद किए जा रहे हैं।
स्टारबक्स ने कहा है कि हड़ताल से अब तक उसके कामकाज पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है। यह जानी-मानी कंपनी सिर्फ अमेरिका में ही 16,000 से ज़्यादा स्टोर चलाती है।
हड़ताली कर्मचारियों की क्या मांगें हैं?
सवाल यह है कि स्टारबक्स के कर्मचारी आखिर हड़ताल क्यों कर रहे हैं। कर्मचारियों ने सैलरी और काम करने की कंडीशंस को लेकर अपनी आवाज उठाई है। यूनियन और स्टारबक्स के मैनेजमेंट के बीच बातचीत चल रही है। कंपनी के अनुसार, वह यूनियन से जुड़े कर्मचारियों के लिए कम से कम 1.5% की सालाना बढ़ोतरी करने के लिए तैयार है। सीबीएस न्यूज़ के अनुसार, यदि स्टारबक्स किसी भी साल में ऐसे कर्मचारी जो यूनियन से नहीं जुड़े हैं, उन्हें कम सैलरी हाइक देता है तो भी वह यूनियन से जुड़े कर्मचारियों की सैलरी में 1.5% की बढ़ोतरी करेगी।
लेकिन वर्कर्स यूनाइटेड यूनियन प्रति घंटे के हिसाब से काम करने वाले कर्मचारियों के न्यूनतम वेतन में 64% और तीन साल के अनुबंध वाले कर्मचारियों की सैलरी में 77% की बढ़ोतरी चाहती है।
यूनियन का कहना है कि कंपनी के कर्मचारियों और सीईओ ब्रायन निकोल सहित स्टारबक्स के सीनियर अधिकारियों के बीच सैलरी को लेकर भी काफी अंतर है। बीबीसी की एक रिपोर्ट के अनुसार, निकोल का एनुअल बेस पे $1.6 मिलियन है। उन्हें $7.2 मिलियन तक का परफॉर्मेंस रिलेटेड बोनस और हर साल $23 मिलियन तक स्टारबक्स शेयर भी मिल सकते हैं।
Germany Christmas Attack: ‘मुझे बहुत दुख होता है…’, PM नरेंद्र मोदी ने आखिर क्यों कही ये बात?
स्टारबक्स का क्या कहना है?
स्टारबक्स ने कहा है कि वह न केवल बरिस्ता (कैफे में कॉफी सर्व करने वाला कर्मचारी) को हर घंटे 18 डॉलर से अधिक का भुगतान करती है, बल्कि दूसरे फायदे भी देती है। वर्कर्स यूनाइटेड यूनियन और स्टारबक्स के बीच तमाम चीजों को लेकर बातचीत चल रही है। द न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, यूनियन और कंपनी के बीच इस बात पर भी समझौता हो चुका है कि कर्मचारियों को केवल सही कारणों के चलते ही नौकरी से निकाला जा सकता है।
हड़ताल से स्टारबक्स की आय पर क्या असर पड़ेगा?
यूनियन की ओर से यह हड़ताल ऐसे वक्त में की गई है, जब क्रिसमस के साथ ही नये साल के जश्न की भी तैयारियां जोरों पर हैं। इससे कंपनी की क्रिसमस में होने वाली बिक्री पर असर पड़ सकता है। यह हड़ताल ऐसे समय में भी हुई है जब स्टारबक्स की बिक्री में गिरावट आई है, विशेष रूप से कीमत ज्यादा होने और गाजा के खिलाफ इजरायल के युद्ध के कारण हुए बॉयकाट के कारण।
बीबीसी की एक रिपोर्ट के अनुसार, “स्टारबक्स ने कहा है कि जुलाई और सितंबर के बीच वैश्विक बिक्री में 7% की गिरावट आई है। चीन में यह गिरावट और ज्यादा रही, जहां इसी दौरान बिक्री में 14% की गिरावट आई।”