न्यूयॉर्क मेट्रो का एक सनसनीखेज वीडियो सामने आया है। इंस्टाग्राम में डाले गये इस वीडियो में एक अधेड़ उम्र की महिला न्यूयॉर्क में अंडरग्राउंड चलने वाली मेट्रो के दरवाजों में फंस गई है। कई लोग सामने से गुजरते हैं लेकिन कोई भी शख्स इस महिला को बचाने की कोशिश नहीं करता है। सोशल मीडिया पर अपलोड करने के साथ ही ये वीडियो वायरल हो गया है। 12 घंटे के अंदर ही इस वीडियो को 12 लाख लोग देख चुके हैं।
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर द शेड रूम नाम के यूजर ने डाला है। अंग्रेजी वेबसाइट एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक वीडियो में दिखता है कि ट्रेन एक स्टेशन पर रुकी हुई है। महिला का सिर दो दरवाजों के बीच फंसा हुआ है। महिला का बैग भी बाहर लटका हुआ है, जबकि उसका बाकी का पूरा शरीर कोच के अंदर हैं। लेकिन महिला चुपचाप है वो जरा भी शोर नहीं मचा रही है। इस बीच कई लोग उसके सामने से गुजरते हैं लेकिन कोई भी किसी किस्म की प्रतिक्रिया नहीं देता है। यहां तक कि मेट्रोपोलिटिन ट्रांसपोर्टेशन अथॉरिटी का एक अधिकारी यूनिफोर्म में वहां से गुजरता है लेकिन वो भी महिला को बचाने की नहीं सोचता है। इस बीच कोच के अंदर से ही एक शख्स महिला को बचाने की गुहार लगा रहा है। इससे पहले कि इस बात का पता चल पाये कि महिला को किस तरह बचाया गया वीडियो खत्म हो जाता है।
वीडियो को देखकर लगता है कि इसे एक दूसरे ट्रेन में सवार शख्स ने रिकॉर्ड किया है। इंस्टाग्राम में लोगों ने इस पर गुस्से में प्रतिक्रिया दी है। एक यूजर ने लिखा, ‘किसी ने इस महिला की मदद नहीं की, लोगों को शर्म आनी चाहिए।’ एक शख्स ने इस वीडियो को रिकॉर्ड करने वाले शख्स को निशाने पर लिया है। उसने लिखा है,’ हर वीडियो रिकॉर्ड करने वाले शख्स के पीछे एक इंसान होता है, लेकिन किसी ने इस महिला की मदद नहीं की, आप किसी भी चीज में इतना नहीं खो सकते की एक जरुरतमंद को मदद करना ही भूल जाएं।’

