सैन फ्रांसिस्को में कथित खालिस्तानी जनमत संग्रह को लेकर बवाल की खबरे सामने आ रही हैं। सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें हिंसक झड़प दिखाई दे रही है। वीडियो में देखा जा सकता है कि लोग आपस में झगड़ रहे हैं और एक दूसरे पर हमला कर रहे हैं। इस दौरान भीड़ में खालिस्तानी झंडा भी लहराता हुआ दिखाई दे रहा है।
सुरक्षाकर्मी स्थिति पर नियंत्रण पाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से यह कहा जा रहा है कि मामला कथित जनमत संग्रह के बीच सामने आया है।
दो खालिस्तानी गुटों के बीच झगड़ा
खबर यह भी है कि वीडियो में दिखाई दे रहा झगड़ा खालिस्तानी समर्थक अलग-अलग गुटों के बीच ही हो रहा है। हंगामा करने वाले लोग खालिस्तानी झंडे दिखाते हुए दिखाई दे रहे हैं। यहां सैन फ्रांसिस्को में खालिस्तान जनमत संग्रह कार्यक्रम में हजारों खालिस्तानी समर्थक झंडे लहराते दिखाई दिए हैं जो स्वतंत्र खालिस्तान के लिए मतदान में भाग लेने के लिए पहुंचे थे।
द सैन फ्रांसिस्को स्टैंडर्ड की एक रिपोर्ट के मुताबिक 28 जनवरी को हजारों खालिस्तानी समर्थक अपने नए देश के लिए मतदान करने के लिए कारों, बसों और ट्रेनों में अपने झंडे लहराते हुए शहर में पहुंचे।
इस जनमत संग्रह में पूछा गया है कि क्या भारत में मुख्य रूप से सिख राज्य पंजाब को अलग होकर खालिस्तान नाम का एक स्वतंत्र राष्ट्र बनाना चाहिए। लोग इस ही सवाल पर वोट करने के लिए बड़ी तादाद में इकट्ठा हुए हैं। हालांकि इस दौरान सैन फ्रांसिस्को में बड़ी तादाद में इकट्ठा हुए लोगों के बीच हिंसा देखी गई।