रूस के साथ जारी गतिरोध के बीच अमेरिका ने यूक्रेन को 600 मिलियन डॉलर की रक्षा सहायता प्रदान करने का ऐलान किया है। अमेरिकी विदेश सचिव एंटनी ब्लिंकन ने कहा कि अमेरिका रूस को जवाब देने के लिए उन्नत हथियार और उपकरण यूक्रेन को दे रहा है। उन्होंने राष्ट्रपति जो बाइडेन का हवाला देते हुए कहा कि राष्ट्रपति स्पष्ट कर चुके हैं कि अमेरिका यूक्रेन के लोगों का तब तक समर्थन करेगा जब तक जरूरत होगी।
ब्लिंकन ने कहा कि यूक्रेन के लोग धैर्य और संकल्प के साथ अपनी मातृभूमि की रक्षा कर रहे हैं। वह अपने भविष्य के लिए लड़ रहे हैं, जिसमें अमेरिका उनकी मदद कर रहा है। बता दें कि अमेरिका लगातार यूक्रेन को रक्षा सहायता मुहैया करवा रहा है। व्हाइट हाउस का कहना है कि यह 21वीं बार है जब यूक्रेन को सैन्य हथियार उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
युद्ध में कमजोर पड़ रहा रूस, कई जगहों से सेना की हुई वापसी
- यूक्रेन का दावा है कि सितंबर महीने में उसकी सेना ने रूसी कब्जे से 6 हजार स्क्वायर किमी क्षेत्र वापस ले लिया है।
- शनिवार को खारकीव क्षेत्र के आइजम और कुपैस्निक को छुड़ा लिया गया है। यह दोनों शहर डोनबास में रूसी सेना की आपूर्ति के लिए प्रमुख केंद्र हैं।
- दक्षिण में खेरसॉन में यूक्रेनी सेना लगातार रूसी सैनिकों का डंट कर सामना कर रही है और उन्हें यहां से भगाने के लिए पूरी ताकत लगा रही है।
- रूस अभी भी यूक्रेन के काफी हिस्से पर कब्जा जमाए हुए है, लेकिन कई विश्लेषकों ने हाल के दिनों में रूसी सैनिकों की वापसी को यूक्रेन की बड़ी सफलता माना है।
उधर, पिछले दिनों रूस ने नॉर्थ कोरिया से सैन्य मदद मांगी थी। इस सिलसिले में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने नॉर्थ कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन से मुलाकात भी की थी। बता दें कि पिछले 6 महीनों से जारी युद्ध के कारण दुनिया के कई बड़े देशों ने रूस पर कई प्रकार के प्रतिबंध लगाएं हैं। इस सौदे में लाखों तोपखाने के गोले और रॉकेट शामिल होने की बात कही गई थी। पिछले हफ्ते अमेरिका ने कहा था कि रूस उत्तर कोरिया से कई हथियार खरीद सकता है, जिसमें रॉकेट और गोले भी शामिल हैं।