अमेरिका के लोग आठ नवंबर को अपने 45वें राष्ट्रपति का चुनाव करेंगे। अमेरिकी जनता फैसला करेगी कि उन्हें राष्ट्रपति के रूप में डोनाल्ड ट्रंप चाहिए या हिलेरी क्लिंटन। चुनाव में इन दोनों के अलावा लिबर्टी पार्टी के गैरी जॉनसन भी खड़े हुए हैं। राष्ट्रपति बनने के लिए 271 सीट चाहिए होंगी। ओबामा के बाद अमेरिका में नया राष्ट्रपति चुनने के लिए व्हाइट हाउस में तीन प्रेसीडेंसियल डीबेट्स हो चुकी हैं। अभी तक हुई इन बहसों में यह देखा गया कि राष्ट्रपति पद के लिए हो रही राजनीति असल योजनाओं से दूर रही है। जमीनी योजनाओं से ज्यादा ये बहस डोनाल्ड ट्रंप और हिलेरी क्लिंटन के बारे में रही है। राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप कई विवादास्पद बयान देकर सुर्खियों में बने रहे। पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन की पत्नी हिलेरी क्लिंटन के साथ भी विवाद जुड़े रहे। 6 जनवरी 2017 को अमेरिका के अगले राष्ट्रपति की घोषणा की जाएगी। 20 जनवरी 2017 से अमेरिका का अगला राष्ट्रपति व्हाइट हाउस में कार्यभार संभालेगा।
अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव 2016: जानिए कैसे चुना जाता है दुनिया के सबसे ताकतवर देश का नेता, देखे वीडियो:
अमेरिकी राष्ट्रपति के चुनावों में ओहियो सबसे अहम राज्य क्यों है?: राष्ट्रपति के चुनावों में ओहियो को अगुवाई वाला राज्य माना जाता है। पुरानी कहावत है, जिसके साथ ओहियो उसी के साथ देश। ऐसा इसलिए है कि कोई भी रिपब्लिकन उम्मीदवार ओहियो में जीते बिना व्हाइट हाउस तक नहीं पहुंचा है। इसमें एक तथ्य यह भी है कि बिना ओहियो में जीत दर्ज किए डेमोक्रेटिक पार्टी से राष्ट्रपति बनने वाले आखिरी प्रेसीडेंट जॉन एफ कैनेडी थे। वे 1960 में जीते थे। इन सब कारणों से वोटिंग के दिन ओहियो सबसे अहम राज्य बन जाता है। मतों की गिनती के दिन इस राज्य पर पूरे देश की नजरें होती हैं। साथ ही ओहियो में ही उम्मीदवार सबसे ज्यादा समय, ऊर्जा और पैसा खर्च करते हैं।
कौनसे राज्य हैं जो हवा के साथ बहते हैं: अमेरिका में कुछ राज्यों को स्विंग स्टेट कहा जाता है। ये वह राज्य हैं जिनको ना तो रिपब्लिकन और ना ही डेमोक्रेट भरोसे के साथ अपना मानते हैं। ये राज्य हवा के अनुसार अपना रूख बना लेते हैं। उदाहरण के तौर पर बराक ओबामा साल 2008 में नॉर्थ कैरोलिना से जीते थे लेकिन चार साल बाद मिट रोमनी से यहां पर हार गए थे। इसका मतलब है कि इस बार डेमोक्रेट और रिपब्लिकन दोनों यहां से जीत की उम्मीद लगाए बैठे हैं। जिन राज्यों पर डोनाल्ड ट्रंप और हिलेरी क्लिंटन दोनों की नजरें हैं, वे हैं: फ्लोरिडा, ओहियो, वर्जीनिया, नॉर्थ कैरोलिना, न्यू हैंपशायर, पेनसिल्वेनिया, आयोवा, कोलारेडो और नेवादा।

