अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी ने रविवार (26 जून) को इस बात पर अफसोस जताया कि ब्रिटेन ने यूरोपीय संघ से बाहर जाने का फैसला किया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अमेरिका संगठन के साथ करीबी संबंध कायम रखेगा। केरी इस संकट पर यूरोपीय संघ और ब्रिटिश नेताओं के साथ बातचीत के लिए सोमवार (27 जून) को ब्रुसेल्स और लंदन जाएंगे। उन्होंने एकजुट यूरोपीय संघ पर बल दिया।
उन्होंने रोम की यात्रा के दौरान संवाददाताओं से कहा कि सहयोगी के तौर पर हमारी प्राथमिकता एकजुट और मजबूत यूरोपीय संघ है ताकि हम जिन महत्वपूर्ण मुद्दों का आज सामना कर रहे हैं, उन पर मिलकर काम कर सकें। उन्होंने कहा कि एक देश ने एक फैसला किया है और जाहिर है कि अमेरिका ने ऐसे फैसले की उम्मीद नहीं की थी। इस मौके पर इतालवी विदेश मंत्री पाओलो जेंटिलोनी भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि ब्रेक्जिट यूरोपीय संघ में बदलाव की आवश्यकता को प्रदर्शित करता है।