रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध को 3 साल बीत चुके हैं। बीते कुछ दिनों में दोनों देशों के बीच युद्ध ने भयानक रूप लिया है। इस बीच यूक्रेन में बड़ा फेरबदल हुआ है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया है। जेलेंस्की ने यूलिया स्विरीडेंको को यूक्रेन का नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया है। वहीं वर्तमान प्रधानमंत्री डेनिस शम्हाल को नया रक्षा मंत्री नियुक्त किया गया है। शम्हाल ने इस्तीफा दे दिया इसलिए नया पीएम नियुक्त करने की जरूरत पड़ी।

वर्तमान प्रधानमंत्री डेनिस शम्हाल ने दिया इस्तीफा

वहीं वर्तमान प्रधानमंत्री डेनिस शम्हाल ने सोमवार को एक टेलीग्राम पोस्ट में अपने इस्तीफे की एक तस्वीर शेयर करते हुए अपने फ़ैसले की घोषणा की। उन्होंने लिखा, “हमारे रक्षकों को धन्यवाद जो मोर्चा संभाले हुए हैं और यूक्रेन की रक्षा कर रहे हैं! यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की को इस भरोसे के लिए धन्यवाद! हमारे देश के लिए उनके अथक परिश्रम के लिए पूरी टीम को धन्यवाद।”

हालांकि जेलेंस्की को इस फैसले पर मुहर लगवाने के लिए संसद में अपने पक्ष में वोटों की जरूरत होगी। हालांकि जेलेंस्की की पार्टी को संसद में बहुमत है। जेलेंस्की की यह घोषणा महीनों से यूक्रेनी शहरों पर बढ़ते रूसी ड्रोन और मिसाइल हमलों और युद्ध के मैदान में असफलताओं के बाद की गई है। वह ट्रंप प्रशासन द्वारा शुरू की गई युद्धविराम वार्ता भी ठप हो गई है। संसद से मंजूरी मिलने के बाद यूलिया यूक्रेन की पीएम बन जाएंगी।

Explained: ईरान – इजरायल युद्ध में रूस क्यों बना रहा मूकदर्शक?

कौन हैं यूलिया स्विरीडेंको?

यूलिया अभी यूक्रेन की फर्स्ट डिप्टी पीएम और फाइनेंस मिनिस्टर हैं। उन्होंने अमेरिका और यूरोप से युद्ध के दौरान यूक्रेन को आर्थिक मदद दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई है। वहीं अमेरिका के साथ खनिज समझौते में भी मुख्य वार्ताकार की भूमिका यूलिया ने निभाई है। इससे यूक्रेन को काफी अधिक फायदा हुआ। यूलिया के नेतृत्व में यूक्रेन को लगभग 340 मिलियन डॉलर का विदेशी निवेश भी मिला। माना जा रहा है कि युद्ध के दौरान यूक्रेन को काफी नुकसान हुआ है। ऐसे में आर्थिक मोर्चे को मजबूत करना अब यूक्रेन के लिए बड़ी चुनौती है। इसीलिए यूलिया की नियुक्ति की गई है।

यूलिया का जन्म 25 दिसंबर 1985 को यूक्रेन में ही हुआ था। उन्होंने 2008 में कीव इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ ट्रेड एंड इकोनॉमिक्स से इकोनॉमिक्स में ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की। इसके अलावा उन्होंने मास्टर्स की डिग्री भी हासिल की है।