पूर्वी लंदन में टेम्स नदी में एक जहाज में आग लग गयी और वह नदी के किनारे से जा टकराया। इस छोटे जहाज में 150 से अधिक लोग सवार थे जिनमें से अधिकतर भारतीय मूल के लोग थे। वे वहां पार्टी मना रहे थे। यात्रियों में अधिकतर बांग्ला भाषी लोग थे। ये लोग ब्रिटेन के सबसे पुराने सांस्कृतिक संगठनों में से एक ‘द टैगोरियंस’ के सदस्य हैं। इस संगठन की स्थापना 1965 में लंदन में की गयी थी। ये लोग कल संगठन की स्थापना के 50 साल पूरे होने का जश्न मना रहे थे।
‘द टैगोरियंस’ के एक प्रवक्ता ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘क्रूज (जहाज) का तीन घंटे का सफर खत्म ही होने वाला था जब उसके दो इंजनों में आग लग गयी। हमने जहाज के पिछले हिस्से से आग ओैर धुआं उठते देखा जो अंदर आ रहा था। थोड़ा डर का माहौल था लेकिन सभी यात्री आश्चर्यजनक रूप से शांत बने रहे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस के एक हेलीकॉप्टर और चिकित्साकर्मियों सहित आपात सेवाएं तत्काल वहां पहुंच गयीं। खुशकिस्मती से कुछ ही लोगों को मामूली जख्म आए।’’ जहाज की मालिकाना कंपनी ने समूह से माफी मांगी है। समूह में छोटे बच्चे और विकलांग सदस्य शामिल थे। कंपनी ने कहा कि घटना की ‘‘पूरी जांच’’ की जा रही है।
जहाज पर सवार 142 यात्रियों और चालक दल के नौ सदस्यों में किसी के गंभीर रूप से जख्मी होने की खबर नहीं है। घटना के बाद गोदी को थोड़ी देर के लिए बंद कर दिया गया था। पोर्ट आॅफ लंदन अथारिटी ने कहा कि जहाज अब ‘‘सुरक्षित’’ है।