चीन के झेजियांग प्रांत में भूस्खलन की घटनाओं में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई। चीन में आए भयानक तूफान मेगी के कारण यहां से करीब 3.15 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ की खबर के मुताबिक भूस्खलन के कारण सात लोगों की मौत हुई है और 15 लोगों का बचाया गया है, जबकि 20 लोग अब भी लापता हैं। मेगी तूफान के कारण बुधवार (28 सितंबर) को सुईचांग काउंटी के सुकुन गांव में आए भूस्खलन के बाद गुरुवार (29 सितंबर) रात मलबे से 60 साल की एक महिला और छह साल के एक बच्चे का शव बरामद किया गया। इससे पहले बचाव दल को गुरुवार (29 सितंबर) दोपहर भी मलबे से एक शव मिला था। इसके बाद भूस्खलन स्थल से तीन और शव बरामद किए गए जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई।

समाचार एजेंसी शिन्हुआ की खबर के अनुसार दूसरा भूस्खलन बाओफेंग में आया, जिसमें छह लोग लापता हो गए। भूस्खलन के कारण बहुत से घर तबाह हो गए। यहां बचाव कार्य किया जा रहा है। झेजियांग प्रांत के करीब 3,15,000 लोगों को अस्थायी तौर पर सुरक्षित स्थानों में भेजा गया है। दोनों भूस्खलन भयानक मेगी तूफान के कारण आए। इससे प्रांत को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। नागरिक मामलों के प्रांतीय विभाग के मुताबिक मेगी इस साल चीन में आने वाला 17वां तूफान है। तूफान के कारण प्रांत से करीब 2,36,000 लोगों को निकाला गया है, जबकि 333 घर बर्बाद हुए हैं। तूफान के कारण करीब 2.68 अरब युआन (करीब 40.2 करोड़ डॉलर) का आर्थिक नुकसान हुआ है।