Earthquake in Solomon Islands: सोलोमन द्वीप (Solomon Islands) में मंगलवार की सुबह भारतीय समय के अनुसार करीब आठ बजे 7.3 तीव्रता का भूकंप (Earthquake) दर्ज किया गया। प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से बयान जारी कर लोगों को ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी गयी है। प्रशांत महासागर क्षेत्र में स्थित इस द्वीप पर शक्तिशाली भूकंप के बाद सुनामी (Tsunami) की चेतावनी भी जारी की गयी है।
भूकंप से हुए नुकसान की जानकारी अभी सामने नहीं आई है। संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार भूकंप का केंद्र राजधानी होनियारा से लगभग 56 किलोमीटर दूर दक्षिण-पश्चिम में समुद्र में 13 किलोमीटर (8 मील) की गहराई पर था। भूकंप के बाद चेतावनी दी गयी है कि द्वीपों पर खतरनाक लहरों की संभावना है।
भूकंप से राजधानी के कुछ इलाकों की बिजली कट गई और रेडियो प्रसारण भी बाधित हो गया। हालांकि सरकार ने बताया है कि राजधानी में इमारतों को कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। होनियारा में हेरिटेज पार्क होटल के रिसेप्शनिस्ट जॉय निशा ने एएफपी समाचार एजेंसी को बताया कि झटका जोरदार था। होटल में रखे सामान गिरने लगे, सभी लोग घबराए हुए हैं।

ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीस ने कहा कि होनियारा में ऑस्ट्रेलियाई उच्चायोग की छत ढह गई है, यह पूरे शहर के संभावित नुकसान की ओर इशारा करता है।
भारत के लद्दाख में भी भूकंप, नुकसान नहीं
भारत के लद्दाख में भी भूंकप आने की खबर है। प्रसार भारती के मुताबिक, रिक्टर स्केल पर सुबह 10:05 पर भूकंप की तीव्रता 4.3 मैग्नीट्यूड दर्ज की गई है। भूकंप का केंद्र करगिल से 191 किमी उत्तर में था। फिलहाल किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।
इंडोनेशिया में भूकंप से 162 की मौत
एक दिन पहले सोमवार को इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में भूकंप आया था, जिसकी तीव्रता 5.4 मापी गई थी। इंडोनेशिया के मुख्य द्वीप जावा में आए भूकंप से अब तक 162 लोगों की मौत हो चुकी है, 700 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। बड़ी तादाद में लोग लापता भी बताए जा रहे हैं। घटना के बाद लोगों में दहशत का माहौल है।
मौसम एवं जलवायु विज्ञान और भूभौतिकीय एजेंसी के मुताबिक भूकंप आने के बाद 25 झटके और दर्ज किए गए थे। भूकंप में एक दर्जन इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं हैं। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे के अनुसार, भूकंप पश्चिम जावा प्रांत के सियांजुर क्षेत्र में केंद्रित था। सियांजुर जिले के स्थानीय अधिकारियों ने कहा है कि आवासीय मकान सहित दर्जनों इमारतें क्षतिग्रस्त हैं।
भूकंप क्यों आता है?
भारत सरकार की राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, पृथ्वी की परत 7 बड़ी प्लेटों में बटी हुई है। प्लेटों की मोटाई 50 मील होती है। ये प्लेटें पृथ्वी के आंतरिक तथा अनेक छोटी प्लेटों के ऊपर धीमी गति से लगातार गतिशील रहती हैं। भूकंप इन्ही प्लेटों के आपस में टकराने की वजह से आता है।