नाइजीरिया के उत्तरी बोर्नो राज्य में आतंकवादी संगठन बोको हराम के सदस्यों ने धान पैदा करने वाले कम से कम 43 किसानों और मछुआरों की हत्या उस समय कर दी जब वे फसल की कटाई कर रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि हमला गैरिन क्वाशेबे इलाके में धान के खेत में उस समय किया गया जब बोर्नो समुदाय के लोग धान की कटाई कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह हमला उस दिन किया गया जब राज्य में 13 साल में पहली बार लोग स्थानीय सरकार के लिए मतदान कर रहे थे, हालांकि कई लोगों ने इसमें हिस्सा नहीं लिया।

खबर के मुताबिक चरमपंथियों ने किसानों को एक स्थान पर इकट्ठा किया और फिर उनपर गोलीबारी की। बोर्नो राज्य के धान कृषक संघ के नेता मलाम जाबरमरी ने सामूहिक नरसंहार की पुष्टि की है। उन्होंने कहा, ‘किसानों पर गैरिन क्वाशेबे स्थित जाबरमरी समुदाय के धान के खेतों पर हमला किया गया और हमें मिली सूचना के अनुसार रविवार दोपहर तक करीब 43 लोगों की हत्या की गई है और यह संख्या 60 तक होने की आशंका है।’

नाइजीरिया के राष्ट्रपति मुहम्मदू बुहारी ने इन हत्याओं पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, ‘मैं आतंकवादियों द्वारा बोर्नो राज्य में मेहनतकश किसानों की हत्या किए जाने की निंदा करता हूं। इन हत्याओं से पूरा देश दुखी है। मेरी संवेदनाएं दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ हैं। ईश्वर मृतकों की आत्मा को शांति दें।’

पिछले महीने भी बोको हराम के लड़ाकों ने दो अलग-अलग घटनाओं में माइदुगुरी के पास खेतों पर काम रहे 22 किसानों की हत्या कर दी थी। बता दें कि आंतकी संगठन आईएसआईएस से जुड़े बोको हराम और ISWAP चरवाहों और मछुआरों पर उनकी जासूसी करने का आरोप लगाते हुए हमले कर रहे हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिद देश में जिहादी हमलों में कम से कम 36 हजार लोग मारे जा चुके हैं। इसके अलावा साल 2009 से करीब बीस लाख लोग विस्थापित हुए हैं। (एजेंसी इनपुट)