अमेरिका के कैलीफोर्निया में 71 साल के एक सिख पर नृशंस हमला करने के आरोपी, पुलिस प्रमुख के किशोर बेटे ने अदालत में पेशी के दौरान कपटी हंसी हंसी तथा अश्लील इशारे किये। मीडिया में ऐसी खबर आयी है। पिछले हफ्ते कैलीफोर्निया के मैंटिका में 18 वर्षीय टायरोन मैकएलीस्टर नामक इस किशोर और उसके 16 वर्षीय एक दोस्त ने साहिब सिंह नट पर हमला किया था एवं उनपर थूका था। यूनियन सिटी पुलिस प्रमुख डैरिल मैकएलीस्टर के बेटे टायरोन और उसके दोस्त पर डकैती के प्रयत्न, वृद्ध के साथ गाली-गलौज एवं उनपर घातक हथियार से हमला करने के आरोप लगाये गये हैं। सैक्रोमेंटोज फोक्स 40 की खबर है कि शुक्रवार को टायरोन अदालत में पेश हुआ। उसने चिढ़ाने के इरादे से अंगुलियों की विशेष आकृति बनाकर उसे कैमरामैन की ओर पेश किया। उसने दोबारा ऐसा कुछ किया। वह हंसता नजर आ रहा था। उसने संदिग्ध इशारे भी किये। उसके हाथों में हथकड़ी लगी थी।

उसे दोषारोपण के लिए पेश किया गया था। उसे जमानत नहीं मिली। सीसीटीवी कैमरे के अनुसार दरअसल नट जब सुबह टहलने निकले तब इन दोनों ने उनपर हमला किया। जांचकर्ता यह तय करने में जुटे हैं कि दोनों के विरुद्ध नस्ली नफरत के अपराध का आरोप बनता है या नहीं।

अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक बुजुर्ग सिख पर हुए हमले के बाद सिख समुदाय में डर का माहौल है। इसे नस्ली हमला माना जा रहा है। ‘सीएनएन’ की रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को मंटेका में साहिब सिंह नट (71) पर हमले के संबंध में बुधवार को दो किशोरों को गिरफ्तार किया गया था। सीसीटीवी फुटेज में नट पार्क में टहलते दिख रहे हैं कि तभी दो लोग वहां पहुंचते हैं और उन्हें लात-घूसों से पीटते हैं और उन पर थूकते हैं। नट पर हुए हमले से पहले भी मंटेका के स्टैनिसलॉस काउंटी में 31 जुलाई को सिख समुदाय के ही सुरजीत सिंह माल्ही (50) पर हमला हुआ था।