Civil War in Syria: सीरिया चर्चा में छाया हुआ है और असद परिवार का शासन समाप्त हो गया है। इस परिवार ने करीब 53 साल तक देश पर शासन किया। अब वहां पर लोगों की जश्न मनाते हुए तस्वीर सामने आ रही है। विद्रोहियों ने देश पर कब्जा करने के बाद वहां की जेलों में बंद कैदियों को भी रिहा करने का निर्णय लिया।

जेल के दरवाजों के कोड नहीं पता

हालांकि सीरिया की सेडनाया जेल में ज्यादातर कैदी अभी भी बाहर नहीं आ पाए हैं। बता दें कि इस जेल में कई लोग ऐसे सेल में कैद हैं, जिसमें हमेशा अंधेरा छाया रहता है। यहां पर इलेक्ट्रॉनिक दरवाजे लगे हैं और उनके कोड लोगों को नहीं पता हैं। बहुत से कैदियों को दीवार तोड़कर निकाला गया है।

सेडनाया जेल को कहा जाता है डेथ कैंप

सीरिया की सेडनाया जेल को डेथ कैंप भी कहा जाता है। जैसे ही अपनों के रिहा होने की खबर मिली, तुरंत कई रिश्तेदार इस जेल की ओर भागे। सैकड़ों कैदी तो रिहा हो गए, लेकिन सैकड़ों कैदी अभी भी इस जेल से रिहा नहीं हो पाए हैं। यह जेल जमीन के नीचे मौजूद है। इस जेल में कई लोगों को केवल सीसीटीवी कैमरे से ही देखा जा सकता है। इससे आप समझ सकते हैं कि यह जेल कितनी भयावह है।

‘सीरिया को शुद्ध किया जा रहा’, तख्तापलट के बाद सामने आया विद्रोही नेता जोलानी का पहला भाषण

कई लोगों को जेल के उस सेल में रखा गया है, जहां पर सांस लेना भी मुश्किल है। यहां पर वेंटिलेशन न के बराबर है। कई रिश्तेदारों को यह भी नहीं पता कि उनके परिवार के जो भी लोग इस जेल में बंद हैं, वह अभी जिंदा है या फिर मार दिए गए हैं।

एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें कई लोग इस जेल से बाहर निकल रहे हैं। हालांकि कई लोग ठीक से चल भी नहीं पा रहे हैं तो कइयों कि याददाश्त गायब हो गई है। इसी से पता चलता है कि जेल के अंदर उन्हें किस तरह से टॉर्चर किया गया।

हमास के आतंकी भी रिहा

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार आतंकवादी संगठन हमास के भी 678 सदस्यों को विद्रोहियों ने वहां रिहा कर दिया है। इसमें से करीब 65 सदस्य फांसी का इंतजार कर रहे थे और उन्हें फांसी होने वाली थी। कई हमास के सदस्यों को जेल से रिहा किया गया है, जो स्थानीय लेवल के बड़े कमांडर भी थे।

असद को रूस ने दी राजनीतिक शरण

बता दें कि सीरिया के पूर्व राष्ट्रपति बशर अल असद को रूस ने राजनीतिक शरण दी है। रूसी राष्ट्रपति के कार्यालय ने खुद बयान जारी कर इस बात की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने असद को शरण देने का निर्णय व्यक्तिगत रूप से लिया है। हालांकि असद रूस में कहां ठहरे हुए हैं, इसके बारे में उन्होंने कुछ नहीं बताया। पढ़ें क्रैश नहीं हुआ राष्ट्रपति असद का विमान