स्विटजरलैंड ने दो मुस्लिम लड़कियों के नागरिकता आवेदन को इसलिए खारिज कर दिया क्योंकि उन्होंने स्कूल के लड़कों के साथ स्विमिंग क्लास लेने से इंकार कर दिया था। स्कूल की ओर से यह स्विमिंग क्लास उनके अनिवार्य पाठ्यक्रम में आती है।

बाजल शहर के अधिकारियों ने बताया कि 12 और 14 साल की इन लड़कियों की नागरिकता आवेदन को खारिज किया जाता है क्योंकि उन्‍होंने स्‍कूल के पाठ्यक्रम का पालन नहीं किया। इसी के बाद स्विस अधिकारियों ने इनके नेचरलाइजेशन ऐप्‍ल‍िकेशन को खारिज कर दिया।

नेचरलाइजेशन कमिटी के प्रेजिडेंट स्‍टीफन ने कहा, ‘जो भी इन स्थितियों का पालन नहीं करता, कानून का उल्‍लंघन करता है और इस वजह से उसे नागरिकता नहीं दी जा सकती है।’ USA Today के मुताबिक इन दोनों लड़कियों ने अपने स्‍कूल में स्विमिंग के अनिवार्य क्‍लास में जाने से मना कर दिया था। इसकी वजह बताते हुए लड़कियों ने कहा कि उनका धर्म लड़कों के साथ स्विमिंग की इजाजत नहीं देता।

इन दोनों लड़कियों के पिता ने भी अपनी बेटियों को लड़कों के साथ स्विमिंग करने से रोका था, जिसके लिए जिला अदालत ने पिता पर 4000 डॉलर स्विस फ्रांक (करीब 2.7 लाख रुपए) का जुर्माना लगाया गया है। लड़कियों के पिता का पहले भी अपनी बेटियों को नकाब पहनाने को लेकर अथॉरिटी के साथ विवाद हो चुका है।