श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में राष्ट्रपति भवन के बाहर प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों पर सुरक्षा बलों ने फायरिंग की है। इस बीच, प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति राजपक्षे के आवास में 1.78 करोड़ रुपये मिलने का दावा किया है। जबकि, रविवार को एक और कैबिनेट मंत्री ने इस्तीफा दिया है। श्रीलंका में जारी आर्थिक संकट के बीच विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा है कि अभी कोई शरणार्थी संकट नहीं है और भारत, श्रीलंका की हर संभव मदद करने की कोशिश कर रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने दावा किया है कि उन्हें राष्ट्रपति आवास से लाखों रुपए मिले हैं। एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि यहां पर लोग ऐसी में सो रहे थें, जबकि हमारे घरों में बिजली नहीं है।

श्रीलंकाई सेना प्रमुख जनरल शैवेंद्र सिल्वा ने श्रीलंकाई लोगों से देश में शांति सुनिश्चित करने के लिए सशस्त्र बलों और पुलिस का समर्थन करने का अनुरोध किया है। वहीं श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया शनिवार को अपना सरकारी आवास छोड़कर भाग गए। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति भवन पर कब्जा कर लिया और उसके अंदर तक घुस गए। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति भवन के अंदर खूब तोड़फोड़ मचाई।

वहीं प्रदर्शनकारियों ने श्रीलंका के प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे के निजी आवास पर भी तोड़फोड़ की और उसको आग के हवाले कर दिया। प्रदर्शन को देखते हुए शुक्रवार को ही श्रीलंका के 7 प्रांतों में कर्फ्यू लगा दिया गया था। लेकिन प्रदर्शनकारियों के दबाव के आगे शनिवार सुबह ही कर्फ्यू हटाना पड़ा और उसके बाद प्रदर्शनकारी राष्ट्रपति आवास तक पहुंच गए।

श्रीलंका में कई हफ्तों से सरकार विरोधी प्रदर्शन जारी है और श्रीलंका के प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे ने शनिवार को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया।

Live Updates

Srilanka Crisis News: प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे ने दिया इस्तीफा, प्रदर्शनकारियों का राष्ट्रपति आवास पर कब्जा, हाईलाइट्स

20:15 (IST) 10 Jul 2022
नई सर्वदलीय सरकार के गठन पर चर्चा के लिए विपक्ष की बैठक

श्रीलंका के मुख्य विपक्षी दल राजनीतिक संकट के बीच सर्वदलीय सरकार गठित किये जाने पर आम सहमति बनाने के लिए विशेष बैठक कर रहे हैं।

19:40 (IST) 10 Jul 2022
हम श्रीलंका के लोगों के साथ- भारत

भारत ने कहा कि वह श्रीलंका के लोगों के साथ खड़ा है क्योंकि वे लोकतांत्रिक तरीकों, मूल्यों और संवैधानिक मार्ग के जरिये समृद्धि और प्रगति के लिए अपनी आकांक्षाओं को साकार करना चाहते हैं।

18:58 (IST) 10 Jul 2022
प्रदर्शनकारियों ने किया राष्ट्रपति के घर के अंदर से 1.78 करोड़ रु मिलने का दावा

श्रीलंका में राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे के आधिकारिक आवास पर धावा बोलने वाले सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति के घर के अंदर से 1.78 करोड़ रुपये बरामद करने का दावा किया है। सोशल मीडिया पर आए एक वीडियो में प्रदर्शनकारी बरामद मुद्रा नोट की गिनती करते हुए दिखाई देते हैं।

18:22 (IST) 10 Jul 2022
3,700 मीट्रिक टन एलपीजी की खेप पहुंची

राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे ने अधिकारियों को आदेश दिया है कि ईंधन की कमी से जूझ रहे देश को 3,700 मीट्रिक टन एलपीजी मिलने के बाद रसोई गैस का सुचारू वितरण सुनिश्चित किया जाए। रिपोर्ट के अनुसार, 3,740 मीट्रिक टन गैस से लदा दूसरा जहाज 11 जुलाई को पहुंचेगा, जबकि तीसरा जहाज 3,200 मीट्रिक टन गैस लेकर 15 जुलाई को आएगा।

17:24 (IST) 10 Jul 2022
अब तक चार मंत्रियों ने दिया इस्तीफा

श्रीलंकाई में रविवार को एक और कैबिनेट मंत्री ने इस्तीफा दिया है। इसके बाद अब तक चार मंत्रियों ने कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया है।

16:37 (IST) 10 Jul 2022
हो सकती हैं और भी गिरफ्तारी- पुलिस

कोलंबो पेज’ में पुलिस प्रवक्ता एसएसपी निहाल तलदुआ के हवाले से कहा गया है कि गिरफ्तार किये गये लोगों में माउंट लवीनिया निवासी 19 वर्षीय एक व्यक्ति और गाले निवासी 24 एवं 28 साल के दो व्यक्ति शामिल है। उन्होंने कहा कि और गिरफ्तारियां हो सकती हैं, क्योंकि पुलिस ने अपनी जांच का दायरा बढ़ा दिया है।

16:03 (IST) 10 Jul 2022
सोनिया गांधी ने भारत सरकार और अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से की अपील

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भारत सरकार और अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से श्रीलंका को सभी प्रकार की सहायता और समर्थन देने की अपील की है।

16:00 (IST) 10 Jul 2022
श्रीलंकाई पीएम के घर में आगजनी के मामले में 3 संदिग्ध गिरफ्तार

श्रीलंका के पीएम के घर में आगजनी के मामले में पुलिस ने 3 संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया है। प्रदर्शनकारियों का एक समूह शनिवार को कैम्ब्रिज प्लेस स्थित विक्रमसिंघे के निजी आवास में घुस गया और इसे आग के हवाले कर दिया था।

15:43 (IST) 10 Jul 2022
लोगों से शांति बनाए रखने की अपील

कोलंबो गजट न्यूज’ पोर्टल के मुताबिक, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल सिल्वा ने श्रीलंका के सभी लोगों से देश में शांति बनाए रखने के लिए सशस्त्र बलों और पुलिस का समर्थन करने का अनुरोध किया।

15:27 (IST) 10 Jul 2022
अभी कोई शरणार्थी संकट नहीं: विदेश मंत्री एस जयशंकर

केंद्रीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने रविवार को कहा कि भारत सरकार हमेशा श्रीलंका का समर्थन करती रही है और वह उसके वर्तमान आर्थिक संकट के समय पड़ोसी देश की मदद करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि अभी कोई शरणार्थी संकट नहीं है।

14:42 (IST) 10 Jul 2022
प्रदर्शनकारियों पर सुरक्षाबलों ने की फायरिंग

राष्ट्रपति भवन के बाहर प्रदर्शनकारियों पर सुरक्षा बलों ने फायरिंग की है, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि सुरक्षा बल राष्ट्रपति भवन के अंदर से बाहर की और फायरिंग कर रहे हैं, जहां प्रदर्शनकारी प्रदर्शन कर रहे हैं।

14:35 (IST) 10 Jul 2022
प्रधानमंत्री विक्रमसिंघे के निजी आवास में आग लगाने के आरोप में तीन गिरफ्तार

शनिवार को हुई हिंसा के दौरान पीएम विक्रमसिंघे के निजी आवास में आग लगाने के आरोप में श्रीलंकाई पुलिस ने रविवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया। पीटीआई ने न्यूज रिपोर्ट्स के हवाले से बताया कि प्रदर्शनकारियों ने कैम्ब्रिज प्लेस में विक्रमसिंघे के निजी आवास में प्रवेश किया और उसमें आग लगा दी थी। इससे संपत्ति को व्यापक नुकसान हुआ और एक लक्जरी सेडान को नुकसान भी पहुंचा था।

14:04 (IST) 10 Jul 2022
राष्ट्रपति भवन में एक्सरसाइज करते दिखे प्रदर्शनकारी

श्रीलंका के राष्ट्रपति आवास में प्रदर्शनकारी शनिवार को ही घुस गए थे। वहीं प्रदर्शनकारियों का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वह राष्ट्रपति भवन में एक्सरसाइज करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

https://twitter.com/ANI/status/1546038153185595393?t=qU4llzKwS5UtvK5ZSFEz2A&s=19

13:38 (IST) 10 Jul 2022
नई सरकार बनाने के लिए बैठक करेंगे विपक्षी दल

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री द्वारा अपने पदों से इस्तीफा देने के फैसले के बाद नई सरकार के गठन पर चर्चा के लिए श्रीलंका के विपक्षी दल रविवार को बैठक करेंगे। इस बैठक में यह तय किया जाएगा कि नई सरकार कब और कैसे बनेगी।

13:18 (IST) 10 Jul 2022
श्रीलंका के मंत्री ने दिया इस्तीफा

श्रीलंका के निवेश प्रोमोशन मंत्री धम्मिका परेरा ने बताया है कि उन्होंने अपने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। नई सरकार में वह 16 दिनों तक मंत्री थे।

12:52 (IST) 10 Jul 2022
राष्ट्रपति का अब तक पता नहीं

श्रीलंका के राष्ट्रपति राजपक्षे के ठिकाने का अभी तक पता नहीं चल पाया है, क्योंकि प्रदर्शनकारियों ने उनके आवास पर कब्जा जारी रखा है। प्रदर्शनकारियों के शहर में घुसने के बाद से राजपक्षे का एकमात्र संचार संसद अध्यक्ष महिंदा यापा अभयवर्धने के साथ है, जिन्होंने शनिवार देर रात घोषणा की थी कि राष्ट्रपति बुधवार को इस्तीफा दे देंगे।

12:13 (IST) 10 Jul 2022
राष्ट्रपति आवास से मिले लाखों रुपए

रविवार को एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार श्रीलंका में सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति राजपक्षे के आधिकारिक आवास पर धावा बोलकर उनकी हवेली के अंदर लाखों रुपये बरामद करने का दावा किया है। डेली मिरर की रिपोर्ट के अनुसार अधिकारियों ने सूचित किया है कि वे प्रासंगिक तथ्यों की जांच के बाद कोई कदम उठाएंगे।

11:02 (IST) 10 Jul 2022
श्रीलंकाई सेना प्रमुख ने शांति बनाए रखने के लिए जनता का समर्थन मांगा

श्रीलंकाई सेना प्रमुख जनरल शैवेंद्र सिल्वा ने कहा कि वर्तमान राजनीतिक संकट को शांतिपूर्ण तरीके से हल करने का अवसर अब उपलब्ध है। सेना ने द्वीप राष्ट्र में शांति बनाए रखने के लिए लोगों के समर्थन की मांग की। राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे के 13 जुलाई को पद छोड़ने के लिए सहमत होने के कुछ घंटे बाद सेना का यह बयान आया है।

10:07 (IST) 10 Jul 2022
श्रीलंका संकट पर आईएमएफ ने कहा- हम स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं

श्रीलंका के मीडिया हाउस न्यूजवायर ने जानकारी देते हुए बताया है कि अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने कहा है कि वह श्रीलंका में चल रहे घटनाक्रमों की बारीकी से निगरानी कर रहा है और मौजूदा स्थिति के समाधान की उम्मीद करता है। आईएमएफ ने कहा, "हम लोगों, विशेष रूप से गरीब और कमजोर समूहों पर चल रहे आर्थिक संकट के प्रभाव के बारे में गहराई से चिंतित हैं और आईएमएफ की नीतियों के अनुरूप इस कठिन समय में श्रीलंका का समर्थन करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हैं।"

08:46 (IST) 10 Jul 2022
श्रीलंका को अमेरिका का सुझाव

संयुक्त राज्य अमेरिका ने श्रीलंका के नेताओं से आग्रह किया कि राष्ट्रपति को उनके आवास से खदेड़ने के बाद दीर्घकालिक समाधान खोजने के लिए जल्दी से कार्य करें। विदेश विभाग के प्रवक्ता ने कहा कि किसी भी नई सरकार को उन समाधानों की पहचान करने और उन्हें लागू करने के लिए तेजी से काम करना चाहिए जो दीर्घकालिक आर्थिक स्थिरता प्राप्त करते हैं और श्रीलंका के लोगों के असंतोष को दूर करें।

08:38 (IST) 10 Jul 2022
सर्वदलीय सरकार बनाने के लिए पीएम रानिल विक्रमसिंघे ने शनिवार को दिया था इस्तीफा

श्रीलंका के प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे ने शनिवार को सर्वदलीय सरकार बनाने के लिए अपने इस्तीफे की घोषणा की। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, "सभी नागरिकों की सुरक्षा सहित सरकार की निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए, मैं आज पार्टी नेताओं की सबसे अच्छी सिफारिश को स्वीकार करता हूं, एक सर्वदलीय सरकार के लिए रास्ता बनाने के लिए। मैं प्रधानमंत्री के पद से इस्तीफा दे दूंगा।

08:22 (IST) 10 Jul 2022
प्रदर्शनकारियों ने पीएम रानिल विक्रमसिंघे के घर में आग लगा दी

समाचार एजेंसी एएफपी ने बताया कि श्रीलंका के प्रधानमंत्री के रूप में शनिवार को इस्तीफा देने वाले रानिल विक्रमसिंघे के निजी आवास में आग लगा दी गई। विक्रमसिंघे ने सर्वदलीय सरकार बनाने के लिए अपने इस्तीफे की घोषणा की थी।

08:06 (IST) 10 Jul 2022
13 जुलाई को इस्तीफा देंगे राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे

डेली मिरर की रिपोर्ट के मुताबिक प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे के इस्तीफे की घोषणा के कुछ ही घंटों बाद राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे ने भी स्पीकर महिंदा यापा अबेवर्धने को सूचित किया कि वह 13 जुलाई को अपने पद से इस्तीफा दे देंगे।

श्रीलंका में सरकार विरोधी प्रदर्शन पिछले कई हफ्तों से हो रहे हैं। दिन-प्रतिदिन श्रीलंका की आर्थिक स्थिति बिगड़ती जा रही है और श्रीलंका दिवालिया घोषित हो चुका है। शनिवार को प्रदर्शनकारी श्रीलंका के राष्ट्रपति के आवास पर पहुंच गए और श्रीलंकाई राष्ट्रपति को आवास छोड़कर भागना पड़ा। श्रीलंका के प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे ने शनिवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। प्रदर्शनकारी राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे का इस्तीफा मांग रहे हैं।