श्रीलंका के विदेश मंत्री मंगला समरवीरा ने कहा है कि देश के संविधान का नया मसविदा संभवत: इस साल मध्य नवंबर में बजट से पहले पेश कर दिया जाएगा जो देश की विविधता का प्रतीक होगा। समरवरवीरा ने रविवार (28 अगस्त) को उत्तरी प्रांत में प्वाइंट पेड्रो में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘हम उम्मीद करते हैं कि हम अगले बजट से पहले संसद में इसे (संविधान के मसविदे को) पेश कर सकेंगे।’ वर्ष 2017 का सरकारी बजट मध्य नवंबर में संसद में पेश किए जाने की संभावना है। विदेश मंत्री ने कहा कि नए संविधान तैयार करने में श्रीलंका की धार्मिक विविधिता को पहचान प्रदान करना एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा, ‘हम नए श्रीलंका के वास्ते नए संविधान की बुनियाद तैयार और उसे पेश करने को लेकर व्यस्त हैं। लोकतांत्रिकरण, पहचान और विकास के तीन स्तंभों पर खड़ा होगा वह।’ उन्होंने कहा कि नये संविधान को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया चल रही है और आशा है कि वह देश की विविधता का प्रतीक होगा। मैत्रीपाला सिरिसेना सरकार ने इस साल जनवरी में नया संविधान बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी। इसके वास्ते विभिन्न दलों की 21 सदस्यीय समिति बनाई गई थी। यह संविधान वर्तमान 1978 के संविधान की जगह लेगा। नए संविधान में प्रधानमंत्री के पास सर्वोच्च सत्ता होगी।
