स्पेन की राजकुमारी क्रिस्टीना और उनके पति भ्रष्टाचार के मामले में सोमवार को अदालत में पेश हुए। स्पेन में 1975 में राजशाही के फिर से बहाल होने के बाद ऐसा पहली बार हो रहा है कि स्पेन में राजवंश का एक सदस्य आपराधिक मामलों का सामना कर रहा है। स्पेन की राजकुमारी क्रिस्टीना कर धोखाधड़ी के दो मामलों में आरोपी हैं। क्रिस्टीना अपने और अपने पति के स्वामित्व वाली रियल एस्टेट कंपनी की ओर से किए गए उनके निजी खर्च के भुगतान पर कर चुकाने में नाकाम रही थीं। इस मामले में उन्हें अधिकतम आठ साल की सजा हो सकती है।

क्रिस्टीना के अलावा 17 अन्य लोगों पर भी मुकदमा चलेगा, जिनमें उनके पति और पूर्व ओलंपिक हैंडबॉल खिलाड़ी इनाकी उरदांगरिन भी शामिल हैं। क्रिस्टीना के पति पर अपने सहयोगी के साथ मिलकर संचालित कंपनी नूज इंस्टीट्यूट के माध्यम से ड्यूक आफ पाल्मा की अपनी पदवी का इस्तेमाल कर करीब 65 लाख अमेरिकी डॉलर हड़पने का गंभीर मामला चल रहा है। चार बच्चों की मां और साल की क्रिस्टीना ने न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी से स्नातकोत्तर की डिग्री ली है। स्पेन में 1975 में तानाशाह जनरल फ्रांसिस्को फ्रैंको के निधन के बाद राजशाही फिर से बहाल हुई थी, जिसके बाद क्रिस्टीना राजवंश की पहली सदस्य हैं जिनके खिलाफ अदालत में आपराधिक आरोप लगाए गए हैं।