South Korea Court Arrest Warrant For Impeached President: साउथ कोरिया के राष्ट्रपति की मुश्किलें बढ़ती हुई नजर आ रही हैं। देश की एक अदालत ने पहली बार मार्शल लॉ की घोषणा के लिए महाभियोग लगाए गए राष्ट्रपति यून सूक येओल के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। सियोल वेस्टर्न डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने जॉइंट इंवेस्टिगेशन हेडक्वार्टर के आग्रह पर कोर्ट ने वांरट को मंजूरी दे दी है। यह दक्षिण कोरियाई नेता के खिलाफ विद्रोह और सत्ता के दुरुपयोग की जांच कर रहा है।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, यह दक्षिण कोरिया में किसी वर्तमान राष्ट्रपति के खिलाफ जारी किया गया पहला गिरफ्तारी वारंट है। जांच करने वाले अधिकारियों का दावा है कि यून ने सैनिकों को जुटाकर और राष्ट्रपति के अधिकार का गलत इस्तेमाल करके विद्रोह की साजिश रची। यून ने पूछताछ के लिए भेजे गए कई समन का जवाब देने से इनकार कर दिया है। उनकी कानूनी टीम ने आरोपों का खंडन करते हुए दावा किया है कि एक मौजूदा राष्ट्रपति पर सत्ता के दुरुपयोग के लिए मुकदमा नहीं चलाया जा सकता। उन्होंने यह भी दावा किया कि मार्शल लॉ संविधान के अनुसार था।
यून का मार्शल लॉ कब तक चला
यून द्वारा लगाया गया मार्शल लॉ केवल छह घंटे तक चला, लेकिन इसने भारी राजनीतिक उथल-पुथल मचा दी। यून ने अपने आदेश पर मतदान को रोकने के लिए सैकड़ों सैनिकों और पुलिस अधिकारियों को नेशनल असेंबली में भेजा, लेकिन पर्याप्त सांसद असेंबली ब्लॉक में एंट्री करने में कामयाब रहे और इसे सर्वसम्मति से पलट दिया।
हम साउथ कोरिया के लोगों के साथ खड़े हैं
साउथ कोरिया की नेशनल असेंबली ने 14 दिसंबर को यून पर महाभियोग चलाने के पक्ष में भारी वोटिंग की थी। यून को नेशनल असेंबली के महाभियोग प्रस्ताव के बाद से पद से निलंबित कर दिया गया है, लेकिन उन्होंने आखिरी दम तक लड़ने की कसम खाई है। उनका दावा है कि जब उन्होंने 3 दिसंबर को नेशनल असेंबली में सैकड़ों सैनिकों को भेजा था, तो उनका इरादा संवैधानिक व्यवस्था को ठेस पहुंचाने का नहीं था।
चोई सांग-मोक को बनाया गया अंतरिम नेता
अब साउथ कोरिया के संवैधानिक कोर्ट को यह तय करना है कि यून को पद से हटाया जाना चाहिए या नहीं। अगर कोर्ट यून को पद से हटाने का फैसला करता है, तो फैसले के 60 दिनों के अंदर चुनाव कराना होगा। साउथ कोरिया के ज्यादातर लोगों का मानना है कि यून द्वारा मार्शल लॉ की घोषणा सही नहीं थी। उप प्रधानमंत्री एवं वित्त मंत्री चोई सांग-मोक साउथ कोरिया के नए अंतरिम नेता बन गए हैं। कभी पायलट ने की गलती, कभी तकनीक दे गई धोखा… दुनिया ने देखे 5 सबसे घातक प्लेन क्रैश