एक 42 साल के स्काईडाइवर ने आसमान से बिना पैराशूट पहने छलांग लगाकर इतिहास बना दिया है। यह इतिहास बनाने वाले शख्स का नाम ल्यूक एकिन्स है। उन्होंने यह छलांग शनिवार (30 जुलाई) को लगाई। ल्यूक की इस छलांग को देखने के लिए बहुत से लोग आए हुए थे। ल्यूक की यह छलांग 25000 फीट की उंचाई से थी। ल्यूक ने इस छलांग को Fox चैनल के एक प्रोग्राम के लिए लगाया था। ल्यूक के लिए स्काई डाइविंग करना नया काम नहीं है। वह 20,000 से ज्यादा बार आसमान से कूद चुके हैं। लेकिन सब छलांगों में उनके साथ पैराशूट रहता था। यह पहली छलांग थी जिसमें पैराशूट का इस्तेमाल नहीं किया गया था।

2 साल से कर रहे थे तैयारी: ल्यूक ने बताया कि वह पिछले दो सालों से ऐसी छलांग लगाने की तैयारी में जुटे हुए थे। उन्होंने बताया कि छलांग से पहले वह भी डरे हुए थे। ल्यूक के मुताबिक, उनकी मां ने उनके इस प्रोग्राम को देखने से भी मना कर दिया था। ल्यूक पहले से भी काफी मशहूर हैं। वह Iron Man 3 फिल्म के लिए स्टंट भी कर चुके हैं। जिस टीवी शो के लिए उन्होंने यह कारनामा किया उसका नाम ‘स्वर्ग से भेजा हुआ’ रखा गया था।

वीडियो में दिख रहा है कि उनके साथ तीन और लोग भी प्लेन से कूदते हैं। सभी लगभग 150 किलोमीटर की रफ्तार से धरती की तरफ बढ़ते हैं। ऐसा दृश्य देखकर अच्छे-अच्छे रोमांचित हो जाएं। इसके बाद जैसे-जैसे लोग पृथ्वी के करीब आने लगते हैं, तब बाकी तीन लोग पैराशूट खोल लेते हैं लेकिन ल्यूक बिना पैराशूट के ही धरती की तरफ बढ़ते हैं। आखिर में धरती आ जाती है और ल्यूक उनके लिए बनाए गए एक बड़े से जाल में आकर गिर जाते हैं। अगर दिशा को समझने में थोड़ी सी भी हेरफेर हो जाती तो ल्यूक के साथ कोई बड़ा हादसा भी हो सकता था। उस हादसे में उनकी जान जाना तय था। लेकिन ऐसा कुछ हुआ नहीं और ल्यूक ने अपना स्टंट सफलतापूर्वक पूरा किया। देखिए वीडियो-

https://youtu.be/g8j0YFzmqWc