सऊदी अरब में एक किशोर को अमेरिका की एक युवती से ऑनलाइन फ्लर्ट करने पर जेल में डाल दिया गया। अमेरिकी मीडिया के अनुसार सऊदी किशोर अबू सिन और कैलिफॉर्निया की रहने वाली क्रिस्टिना क्रोकेट ऑनलाइन फॉरम यूनाऊ के जरिए संपर्क में आए। यह फोरम रियल टाइम चैटिंग की सुविधा देता है। सिन टूटी-फूटी अंग्रेजी बोलता था। इसकी जरिए उसने क्रिस्टिना को प्रपोज किया। क्रिस्टिना ने इस पर हामी भर दी। सऊदी अरब के नैतिकता विभाग को जब इस बारे में पता लगा तो सिन को गिरफ्तार कर लिया गया। सिन को पिछले महीने अरेस्ट किया गया था। सिन पर अमर्यादित आचरण का आरोप है। पिछले सप्ताह उसे जमानत पर रिहा किया गया। उसे पांच साल जेल और आठ लाख डॉलर के जुर्माने की सजा हो सकती है।
रिहाई के बाद सिन ने वीडियो जारी कर कहा कि वह अब सोशल मीडिया का इस्तेमाल नहीं करेगा। साथ ही कहा कि उसे लड़कियों से चैट करने का पछतावा है। सऊदी अरब के अधिकारियों के अनुसार सिन की उम्र 19 साल है हालांकि इस पर मतभेद है। पुलिस ने बताया कि अबू सिन को मर्यादा और धार्मिक सिद्धांतों का उल्लंघन करने पर जेल में डाला गया। सिन ने ललचाने वाले वीडियो बनाए जो कि काफी फेमस हो गए थे। इससे सऊदी अरब की छवि को दुनिया में नुकसान हुआ। पुलिस को कई शिकायमें मिली जिसमें अबू सिन को डांटने की बात कही गई।
सऊदी अरब में काफी कड़े कानून हैं। अफेयर रखने वाले अविवाहित महिला और पुरुषों को सजा दी जाती है। इसका ज्यादा दंश महिलाओं को ही झेलना पड़ता है। सजा के तौर पर जेल में डालने के साथ ही मोटा जुर्माना लगाया जाता है और पिटाई भी की जाती है। इसके चलते कई युवक ऑनलाइन साधनों के जरिए लड़कियों से संपर्क में आते हैं। यहां पर भी उन पर निगरानी रखी जाती है।