सोमाली समुद्री डाकुओं द्वारा लगभग पांच साल तक बंधक बनाए गए 26 एशियाई नाविकों को रिहा करा लिया गया है, जिनमें चीन के 10 नाविक शामिल हैं। यह जानकारी चीन के विदेश मंत्रालय ने दी है। विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हुआ चुनयिंग के एक बयान का हवाला देते हुए बताया गया, ‘सोमाली समुद्री डाकुओं द्वारा मार्च 2012 में अपहृत किए गए मछली पकड़ने वाले पोत नहम-3 के चालक दल के 26 सदस्यों को कल (रविवार, 23 अक्टूबर) बचा लिया गया और उन्हें संयुक्त राष्ट्र की संबंधित एजेंसियों की मदद से आज (सोमवार, 24 अक्टूबर) केन्या ले जाया गया।’ उन्होंने कहा, ‘चीन की सरकार ने बचाव अभियान में शामिल सभी एजेंसियों और कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया है और रिहा हुए चालक दल के सदस्यों को शुभकामनाएं दी है।’ नहम-3 के 29 नावकों में से दस चीन से, दो ताईवान से और 17 अन्य फिलीपिंस, इंडोनेशिया, वियतनाम और कंबोडिया से थे। सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने हुआ चुनयिंग के हवाले से बताया कि अपहरण के बाद तीन नाविकों की मौत हो गई थी, जिनमें से एक चीन एवं एक ताइवान का नागरिक शामिल थे।