रूस ने यूक्रेनी सैनिकों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जान बचानी है तो वो सरेंडर कर दें। रूसी सैनिकों की ओर से इस बात की गारंटी दी जा रही है कि जो हथियार डालेगा, उसकी जान बख्श दी जाएगी। वहीं यूक्रेन की तरफ से दावा किया गया है कि उसने अबतक रूस के 169 फाइटर प्लेन मार गिराए हैं।
रूस की चेतावनी- रूस ने मंगलवार को यूक्रेन की सेना से तुरंत हथियार डालने की अपील की है। मारियुपोल में मौजूद यूक्रेनी सैनिकों के लिए ये अल्टीमेटम जारी किया गया है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा- “हम आखिरी बार यूक्रेनी सेना से स्वेच्छा से निर्णय लेने और हथियार डालने का आह्वान करते हैं।”
रूस के रक्षा मंत्री ने मंगलवार को कहा कि रूसी सेना पूर्वी यूक्रेन में दो अलग-अलग क्षेत्रों को “मुक्त” करने की योजना को “विधिवत रूप से आगे बढ़ा रही है”। सर्गेई शोइगु ने कहा कि यूक्रेन को हथियार देकर पश्चिमी देश, मास्को के सैन्य अभियान को लंबा खींचने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं।
वहीं प्रतिबंधों पर जवाब देते हुए रूस ने दो यूरोपीय देशों के 36 राजनयिकों को मास्को छोड़ने के लिए कहा है। रूस के विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि पिछले महीने नीदरलैंड द्वारा 18 रूसी राजनयिकों को देश छोड़ने के लिए कहने के बाद, रूस ने 15 डच राजनयिकों को मास्को छोड़ने के आदेश दिए हैं।
रूस को भारी नुकसान- यूक्रेन ने दावा किया है कि उसने इस युद्ध में रूस के काफी फाइटर प्लेन मार गिराए गए हैं। यूक्रेन के दावों के अनुसार लगभग 21 हजार सैनिक रूस खो चुका है। इसके अलावा 169 प्लेन, 150 हेलीकॉप्टर्स, 802 टैंक, 158 ड्रोन और 67 एंटी एयरक्राफ्ट हथियार को यूक्रेनी सेना नष्ट कर चुकी है। हालांकि यूक्रेन ने अपने सैनिकों और हथियारों को लेकर जानकारी नहीं दी है।
कैदियों की अदला-बदली- यूक्रेन ने मंगलवार को कहा कि उसने मास्को के साथ कैदियों की अदला-बदली में 60 सैनिकों और 16 नागरिकों को वापस ले आया है। हालांकि यूक्रेन ने ये नहीं बताया कि उसने इसके बदले रूस के कितने कैदियों को छोड़ा है।