मिस्र के असैन्य हवाई अड्डा नियामक के अध्यक्ष आदिल महगूब ने कहा कि सभी यात्री और चालक दल के सदस्य रूसी नागरिक थे। सूत्रों ने बताया कि शर्म अल-शेख के रेड सी रिसॉर्ट से एयरबस ए321 के सेंट पीटर्सबर्ग के लिए उड़ान भरने के 23 मिनट बाद ही मिस्र के एटीसी के साथ उसका संपर्क टूट गया। विमान का मलबा उसके ब्लैक बॉक्स सहित हसाना इलाके में पाया गया। एक अधिकारी ने दुर्घटना स्थल का ‘मार्मिक दृश्य’ बताया जहां पीड़ितों के शव अभी भी सीट बेल्ट से बंधे हुए थे।
सिनाई में घातक बगावत छेड़ने वाले इस्लामिक स्टेट आतंकवादी समूह ने विमान को मार गिराने का दावा किया, लेकिन यह नहीं बताया कि कैसे? संगठन ने कहा है, ‘खिलाफत के सैनिकों ने रूसी विमान को गिराने में सफलता हासिल की।’ उसने इसे सीरिया में आईएस पर रूस के हवाई हमलों का बदला करार दिया है।
Photos: सिनाई विमान दुर्घटना में मारे गए सभी 224 यात्री
हालांकि रूसी परिवहन मंत्री ने इंटरफैक्स संवाद समिति को बताया कि आईएस के दावे को सही नहीं माना जा सकता। विमान हादसे के लिए कोई सरकारी जवाब नहीं मिला है, लेकिन सुरक्षा और विमानन अधिकारियों द्वारा किए गए शुरुआती आकलन से संकेत मिलते हैं कि विमान ‘तकनीकी कारणों’ से हादसे का शिकार हुआ।
मिस्र के राष्ट्रपति अब्दुल फतह अल सीसी ने हादसे में लोगों के मारे जाने पर शोक जताया है। वह घटनाक्रम पर करीब से नजर रखे हुए हैं और उन्होंने इसकी जांच के आदेश दिए हैं। सरकारी विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई है। हादसे के बाद के हालात की निगरानी के लिए बनाई गई समिति के प्रमुख पायलट अयमान अल मुकादम ने बताया कि हादसा ‘तकनीकी खराबी’ के कारण हुआ। उन्होंने इन अटकलों को खारिज किया कि विमान को अशांत प्रायद्वीप में मार गिराया गया है।
31,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ा रहा था विमान, जानिए, सिनाई प्लेन क्रैश से जुड़ी हर अहम बात
उन्होंने बताया कि विमान के चालक ने विफलता को भांप लिया और विमानन प्रशासन को इसकी खबर दी कि वह सबसे करीबी हवाई अड्डे पर उतरना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि ऐसा लगता है कि यह उत्तरी सिनाई में अल आरिश हवाई अड्डे पर उतरने के प्रयास में दुर्घटनाग्रस्त हुआ।
उड़ान संख्या केजीएल 9268 वाला विमान कोगालीमाविया एयरलाइन का था, जो पश्चिमी साइबेरिया में स्थित एक छोटी विमानन कंपनी है। रूसी रिया संवाद समिति ने बताया कि उड़ान के नियमों का उल्लंघन करने के लिए एयरलाइन के खिलाफ एक आपराधिक मामला शुरू किया गया है।
लगातार ब्रेकिंग न्यूज, अपडेट्स, एनालिसिस, ब्लॉग पढ़ने के लिए आप हमारा फेसबुक पेज लाइक करें, गूगल प्लस पर हमसे जुड़ें और ट्विटर पर भी हमें फॉलो करें

