मिस्र में पिछले सप्ताह हादसे का शिकार हुए रूसी विमान के ब्लैक बॉक्स डाटा से संकेत मिला है कि विमान को बम से उड़ाया गया। सूत्रों ने इसकी जानकारी दी है। फ्लाइट डाटा और वायस रिकॉर्डर ने विमान के उड़ान भरने के 24 मिनटों के बाद काम करना बंद कर दिया। बीते 31 अक्तूबर को विमान ने मिस्र के शर्म अल-शेख से रूस के सेंट पीटर्सबर्ग के लिए उड़ान भरी थी। यह सिनाई प्रायद्वीप में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में सवार सभी 224 लोगों की मौत हो गई थी।
काहिरा और मॉस्को ने शुरुआत में आईएस के इस दावे को खारिज कर दिया था कि विमान को उसके लोगों ने गिराया है। परंतु अब जो साक्ष्य सामने आए हैं उससे पता चलता है कि एयरबस ए-321 पर हमला किया गया।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मिस्र को जाने वाली सभी रूसी उड़ानों को रोक देने का आदेश दिया है। मिस्र के लिए यह बड़ा झटका है जिसका पर्यटन उद्योग पहले से ही संघर्ष कर रहा है।
क्रेमलिन के प्रवक्ता दमित्री पेस्कोव ने बताया कि इस कदम का यह मतलब नहीं है कि मास्को यह मानता है कि विमान हमले के कारण गिरा। उन्होंने कहा कि इस घटना की जांच चल रही है।
जांच से जुड़े सूत्रों का कहना है कि ब्लैक बॉक्स डाटा से इस आशंका को बहुत बल मिलता है कि विमान को बम से गिराया गया।
