मिस्र के सिनाई प्रांत में शनिवार को दुर्घटनाग्रस्त हुए रूसी विमान पर सवार सभी 224 यात्रियों की मौत हो गई है। रूसी राष्‍ट्रपति व्‍लादिमिर पुतिन ने एक नवंबर को राष्ट्रीय शोक का एलान किया है। मृतकों की पहचान के लिए परिजन के डीएनए सैंपल लिए जाएंगे।

बचाव दल के मुताबिक दुर्घटनास्‍थल पर पहुंचे तो उन्‍होंने देखा कि विमान के दो टुकड़े हो गए थे। एक हिस्‍सा जल रहा था, जबकि दूसरा हिस्‍सा एक पहाड़ी में घुसा हुआ था। उन्‍हें कई बच्‍चों के शव सीटों से बंधे हुए थे। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, रेस्क्यू टीम को प्लेन का ब्लैक बॉक्स मिल गया है। विमान का मलबा सिनाई के अरीश क्षेत्र में मिला है।

रूसी अधिकारियों का कहना है कि 217 यात्री सवार थे। इनमें 138 महिलाएं, 17 बच्‍चे भी शामिल हैं। ये सभी टूरिस्‍ट थे, इसके अलावा विमान पर 7 क्रू मेंबर्स भी थे। मिस्र सरकार के मुताबिक flight KGL9268 Sharm el-Sheikh से 05:58 local time (03:58 GMT) पर रवाना हुई थी। विमान उड़ान भरने के 22 मिनट बाद ही रडार की पहुंच से बाहर हो गया था। एविएशन ट्रैकिंग वेबसाइट Flight Radar 24 ने टि्वटर पर जानकारी दी है कि रडार की पहुंच से कुछ मिनट पहले तक विमान 31000 फीट की ऊंचाई पर था।

विमान को सेंट पीटर्सबर्ग के पुलकोवो एयरपोर्ट पर 09:10 बजे (GMT) उतरना था। मिस्र के एविएशन ऑफिसर अयमान अल मुकादिम ने बताया कि हादसे से कुछ देर पहले पायलट ने टेक्निकल दिक्‍कत की बात कही थी। रूस के सरकारी चैनल रशिया 24 ने दावा किया है कि पायलट ने विमान को जल्‍द से जल्‍द लैंड कराने की गुजारिश की थी, लेकिन इससे पहले कि लैंडिंग हो पाती प्‍लेन क्रैश हो गया। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार, हादसे का कारण तकनीकी खराबी ही माना जा रहा है। वैसे संभावना आतंकी हमले की भी है, क्‍योंकि सिनाई क्षेत्र में कई आतंकी संगठन सक्रिय हैं।

मिस्र के प्राइम मिनिस्टर ऑफिस की ओर से जारी स्टेटमेंट में बताया गया कि क्रैश की जांच के लिए क्राइसिस कमेटी बनाई गई है। मिस्र के सिक्युरिटी अफसरों ने प्लेन पर हमला होने की आशंका से इनकार किया है।

लगातार ब्रेकिंग न्‍यूज, अपडेट्स, एनालिसिस, ब्‍लॉग पढ़ने के लिए आप हमारा फेसबुक पेज लाइक करें, गूगल प्लस पर हमसे जुड़ें  और ट्विटर पर भी हमें फॉलो करें