Russia Ukraine War: रूस-यूक्रेन (Russia Ukraine War) की बीच जारी जंग थमने का नाम नहीं ले रही है। रूस यूक्रेन पर लगातार हमले कर रहा है। एक बार फिर रूस के निशाने पर यूक्रेन की राजधानी कीव है। रूस ने कीव के कई शहरों पर हमला किया है।
यूक्रेन (Ukraine) की राजधानी कीव में बुधवार (23 नवंबर, 2022) को रूसी मिसाइल हमले में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। कीव के प्रशासन ने यह जानकारी दी। वहीं, रूसी हमलों के मद्देनजर कीव सहित पूरे यूक्रेन में आज हवाई हमले की चेतावनी देने वाला सायरन बजाया गया।
सायरन बजने के कुछ ही समय बाद कीव में कई धमाकों की आवाज भी सुनाई दी, जिनसे लगा कि शहर में कई बम विस्फोट हुए हैं। मेयर विटाली क्लिश्को ने टेलीग्राम पर लिखा है कि ‘‘राजधानी के बुनियादी ढांचों में से एक हमले की चपेट में आया है। उन्होंने लोगों से बंकरों में रहने को कहा है। हवाई हमले की चेतावनी देने वाला सायरन लगातार बज रहा है। मेयर ने कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी।
इस बीच, अधिकारियों ने रूसी हमले के बाद कीव और पड़ोसी मोल्दोवा सहित कई यूक्रेनी शहरों में बिजली कटौती की सूचना दी है।
यूक्रेन के विदेश मंत्री, दमित्रो कुलेबा ने यूक्रेन में ताज़ा रूसी हमलों के बाद अपने देश को “सभी आवश्यक वायु रक्षा प्रणालियां यथाशीघ्र” प्राप्त करने का आह्वान किया है। कुलेबा ने ट्विटर पर कहा कि मॉस्को ने कीव और अन्य यूक्रेनी शहरों को निशाना बनाते के लिए नया मिसाइल आतंक शुरू किया है। इसके अलावा रूस के टॉरगेट पर यूक्रेन के एटॉमिक पावर स्टेशन वाले शहर भी हैं। इन पर भी रूस हमले तेज कर रहा है।