रूस और यूक्रेन के बीच पिछले तीन महीने से युद्ध जारी है और दोनों ओर से लगातार हमले हो रहे हैं। इसी बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से जुड़ा एक सनसनीखेज दावा सामने आया है। यूक्रेन के एक सैन्य अधिकारी ने दावा किया है कि दो महीने पहले व्लादिमीर पुतिन की हत्या की कोशिश की गई थी लेकिन वे बाल-बाल बच गए। हत्या का यह प्रयास रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच ही किया गया है।
यूक्रेन की डिफेंस इंटेलिजेंस के प्रमुख मेजर जनरल कायरलो बुडानोव के अनुसार, “हत्या की ये असफल कोशिश काकेशस (काला सागर और कैस्पियन सागर के बीच के क्षेत्र) में हुआ। उन्होंने बताया कि 24 फरवरी 2022 को रूस के यूक्रेन पर हमले के तुरंत बाद ये प्रयास हुआ। जनरल कायरलो ने इस घटना के बारे में यूक्रेनी ऑनलाइन न्यूज पेपर उक्रेन्स्का प्रावदा (Ukrainska Pravda) से बात की। उन्होंने बताया कि यह लगभग 2 महीने पहले की घटना है। हालांकि, जनरल बुडानोव के दावे को सत्यापित नहीं जा सका है। उक्रेन्स्का प्रावदा ने कहा कि जनरल कायरलो बुडानोव का पूरा इंटरव्यू मंगलवार को दिखाया जाएगा।
व्लादिमीर पुतिन के तख्तापलट की कोशिशें: मई की शुरुआत में, स्काई न्यूज के साथ एक इंटरव्यू में बुडानोव ने भविष्यवाणी की थी कि रूस-यूक्रेन युद्ध अगस्त के मध्य तक एक महत्वपूर्ण मोड़ पर पहुंच जाएगा और इस साल के आखिर तक खत्म हो जाएगा। उन्होंने कहा कि युद्ध के बाद रूस में नेतृत्व में बदलाव आएगा। साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया था कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के तख्तापलट की कोशिशें चल रही हैं और इसे रोका नहीं जा सकता।
पुतिन के स्वास्थ्य को लेकर आई थीं खबरें: यूक्रेन युद्ध के बाद से रूसी राष्ट्रपति की स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं एक बार फिर सुर्खियों में आ गई थीं। इससे पहले कई खबरें सामने आईं जिसमें दावा किया गया कि वे बीमार हैं। मई की शुरुआत में मॉस्को में रूसी विजय दिवस समारोह का आयोजन किया गया था। इस आयोजन में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी पहुंचे थे। सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरों और वीडियो में, पुतिन ने अपने पैरों पर घने हरे रंग का कवर लपेटा हुआ था, जब वह मास्को के रेड स्क्वायर में एक सैन्य परेड देखने के लिए बीच बैठे थे।
इसी बीच खबर आयी थी कि पुतिन ने अपने पेट से तरल पदार्थ निकालने के लिए एक सर्जरी की थी। इसके अलावा रूसी नेता के एक करीबी संबंधी ने दावा किया था कि रूसी राष्ट्रपति को ब्लड कैंसर है। हालांकि, इन दावों को सत्यापित नहीं किया गया है।