Russia Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच जंग का आज 26वां दिन है। रूस यूक्रेन पर अब बमबारी के साथ-साथ मिसाइलों से भी हमला कर रहा है। सोमवार को रूस के क्रूज मिसाइल ने यूक्रेन के एक सैन्य ट्रेनिंग सेंटर को निशाना बनाया। इस हमले में यह सेंटर तबाह हो गया। इसके साथ ही रूसी राष्ट्रपति पुतिन के एक सहयोगी ने गैस उत्पादक कंपनी नोवाटेक के बोर्ड से इस्तीफा दे दिया है।
यूक्रेन के उप प्रधानमंत्री इरिना वीरेशचुक ने कहा कि रूसी सैनिकों से घिरे हुए कस्बों और शहरों से नागरिकों को निकालने के लिए आठ मानवीय गलियारे बनाने पर समझौता हो गया है, लेकिन इस लिस्ट में मारियुपोल शहर का नाम नहीं है।
24 फरवरी को यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद से मारियुपोल में सबसे भारी बमबारी हुई है। जिसमें सैनिकों के साथ-साथ आम लोगों की भी मौत हुई है। वहीं हजारों की संख्या में लोग शहर छोड़कर जा चुके हैं।
Ukraine Russia War live Updates: यूक्रेन ने मारियुपोल सरेंडर करने से साफ इनकार कर दिया है। यहां पर रूसी सेना लगातार हमले कर रही है।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के लंबे समय से सहयोगी रहे गेन्नेडी टिमचेंको ने सोमवार को गैस उत्पादक नोवाटेक के बोर्ड से इस्तीफा दे दिया। कहा जा रहा है कि यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद से उनपर प्रतिबंध का खतरा मंडरा रहा था। शायद यही वजह रही है कि उन्होंने इस्तीफा दिया है।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि रूसी वायु सेना ने क्रूज मिसाइलों के साथ रिव्ने क्षेत्र में एक यूक्रेन के सैन्य ट्रेनिंग सेंटर पर हमला किया है। इस हमले में ट्रेनिंग सेंटर तबाह हो गया है।
1 मार्च को यूक्रेन में मारे गए नवीन शेखरप्पा के पिता शेखरप्पा ज्ञानगौदर ने सोमवार को कहा कि उनके बेटे के पार्थिव शरीर को
मेडिकल रिसर्च के लिए एक अस्पताल में दान कर दिया जाएगा। नवीन का पार्थिव शरीर सोमवार तड़के 3 बजे बेंगलुरु पहुंचा और एंबुलेंस से उनके गृहनगर हावेरी ले जाया गया।
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने सोमवार को अपने भारतीय समकक्ष नरेंद्र मोदी के साथ एक वर्चुअल शिखर सम्मेलन में कहा कि रूस को आक्रमण के बाद यूक्रेन में हुए दुखद नुकसान के लिए जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए।
रिव्ने ओब्लास्ट के गवर्नर विटाली कोवल ने एक वीडियो संदेश में कहा है कि रूसी सेना ने सैन्य प्रशिक्षण मैदान पर दो मिसाइल दागे हैं। फिलहाल किसी के हताहत होने या किसी तरह से क्षति के बारे में कोई जानकारी नहीं है। रिव्ने शहर कीव से 300 किमी पश्चिम में स्थित है।
यूक्रेन में रूस विनाशाकारी हाइपरसोनिक मिसाइल इस्तेमाल कर रहा है। उसने शनिवार को हाइपरसोनिक मिसाइल किंझल का इस्तेमाल करके हथियारों के गोदाम को तबाह कर दिया। फिर रविवार को रूस ने कहा कि उसने मायकोलाइव क्षेत्र में एक ईंधन डिपो को नष्ट करने के लिए मिसाइलें दागीं। वहां अधिकारियों ने रविवार तड़के करीब एक घंटे तक हवाई हमले की चेतावनी जारी की। हालांकि, यूक्रेन ने किसी भी हमले की पुष्टि नहीं की है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि यूक्रेन के शहरों को अधिक विनाशकारी हथियारों से निशाना बनाया जा रहा है।
केंद्र ने यूक्रेन में फंसे 22,500 भारतीय छात्रों को निकालने का काम पूरा कर लिया है। उसने सुप्रीम कोर्ट में इसकी जानकारी दी। इसके बाद चीफ जस्टिस एनवी रमना और न्यायमूर्ति कृष्ण मुरारी की पीठ ने इससे जुड़े दो मामलों पर सुनवाई बंद कर दी। अटॉर्नी जनरल केके वेणुगोपाल ने कहा कि केंद्र को छात्रों शिक्षा भारत में जारी रखने से जुड़ा ज्ञापन मिला है। इस पर विचार किया जा रहा है। इसके बाद कोर्ट ने कहा कि अब इस मामले में सुनवाई के लिए कुछ नहीं बचा है।
यूक्रेन के सशस्त्र बलों ने आज सुबह ओडेसा में तोपखाने से गोले दागे जाने की सूचना दी। बल ने एक छोटा वीडियो जारी किया। बंदरगाह शहर दक्षिणी यूक्रेन में ब्लैक सी के पास स्थित है।
यूक्रेन की राजधानी कीव में एक शॉपिंग सेंटर पर रात को हुए बम विस्फोट में कम से कम छह लोग मारे गए हैं। समाचार एजेंसी एएफपी ने इसकी जानकारी दी है। कीव के उत्तर-पश्चिम में "रेट्रोविल" शॉपिंग मॉल के सामने छह शव पाए गए।
रूस के ब्लैक सी फ्लीट का एक वरिष्ठ नौसैनिक कमांडर यूक्रेन में मारा गया है। सेवस्तोपोल के गवर्नर ने यह जानकारी दी। गवर्नर मिखाइल रजवोजायेव ने मैसेजिंग ऐप टेलीग्राम पर कहा कि पोस्ट-कैप्टन और बेड़े के डिप्टी कमांडर आंद्रेई पाली पूर्वी यूक्रेनी बंदरगाह शहर मारियुपोल में लड़ाई के दौरान मारे गए। सेवस्तोपोल में रूस के ब्लैक सी फ्लीट का बेस है।
यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूस ने भीषण हमला किया है। यहां के एक शॉपिंग सेंटर में आग लग गई। आग लपटे दूर से ही दिखाई दे रही है। आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है। आपातकालीन सेवा ने कहा कि उसे रात 10.48 बजे फोन आया कि एक शॉपिंग मॉल में आग लग गई है। कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने भी कहा कि उत्तर-पश्चिमी पोडिल्स्की जिले में विस्फोटों की आवाज सुनाई दी।
संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी उच्चायुक्त कार्यालय (UNHCR)ने रविवार को कहा कि रूस के आक्रमण के कारण यूक्रेन से एक करोड़ लोग विदेश भाग गए हैं या विस्थापित हो गए हैं। एनएचके वर्ल्ड की रिपोर्ट के अनुसार यूएनएचसीआर के प्रमुख फिलि पो ग्रांडी ने कहा कि युद्ध के कारण यूक्रेन के लोग अपने घरों से भागने को मजबूर हो गए हैं।
रूसी सैनिकों से घिरे सुमी में एक केमिकल प्लांट से अमोनिया का रिसाव हुआ है। यहां के गवर्नर दिमित्रो जायवित्स्की ने इसकी जानकारी देते हुए यह नहीं बताया कि सुमीखिंप्रोम संयंत्र में रिसाव किस कारण से हुआ। उन्होंने कहा कि आसपास के पांच किलोमीटर के दायरे में आने वाला क्षेत्र के लिए यह खतरनाक है।
कर्नाटक: यूक्रेन में मारे गए भारतीय छात्र नवीन शेखरप्पा का पार्थिव शरीर हावेरी जिले में उनके पैतृक गांव पहुंचा, यहां पर नवीन शेखरप्पा को श्रद्धांजलि दी जा रही है।
यूक्रेन ने मारियुपोल के बंदरगाह शहर को सरेंडर करने से साफ इनकार कर दिया है। यहां भोजन पानी और ऊर्जा आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई है। यहां के एक स्कूल पर रूसी सेना ने रॉकेट दागे। 400 लोगों ने शरण ले रखी थी।
व्हाइट हाउस ने कहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन यूक्रेन की मदद और रूस पर गंभीर और अभूतपूर्व प्रतिबंध लगाने को लेकरअंतरराष्ट्रीय प्रयासों पर चर्चा के लिए इस सप्ताह पोलैंड का दौरा करेंगे। यह चर्चा ब्रसेल्स, बेल्जियम में नाटो सहयोगियों, जी-7 और यूरोपीय संघ के नेताओं के साथ बाइडेन की बैठकों के बाद होगी।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमारे बच्चे(नवीन शेखरप्पा) की यूक्रेन में जान चली गई। नवीन का पार्थिव शरीर यूक्रेन से यहां लाना बहुत मुश्किल था। ये बहुत साहस की बात है। हमारे प्रधानमंत्री, विदेश मंत्री और सरकार ने ये करके दिखाया। मैं उन सभी को धन्यवाद देता हूं।
यूक्रेन में मारे गए भारतीय छात्र नवीन शेखरप्पा के पार्थिव शरीर को बेंगलुरू हवाईअड्डे लाया गया। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने हवाईअड्डे पहुंचकर पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि अर्पित की।
संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय (OHCHR)ने रविवार को कहा कि 19 मार्च की मध्यरात्रि तक यूक्रेन में कम से कम 902 नागरिकों की मौत हो गई है और 1,459 लोग घायल हुए हैं। समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने इसकी जानकारी दी है। ओएचसीएचआर ने कहा कि तोपखाने, रॉकेट सिस्टम और मिसाइल और हवाई हमलों से अधिकांश मौतें हुई हैं। माना जा रहा है कि मरने वालों की वास्तविक संख्या काफी अधिक होगी। इसका कारण है कि देश में ओएचसीएचआर की टीम को बुरी तरह से प्रभावित कई शहरों से रिपोर्ट नहीं मिल पाई है।
यूक्रेनी अधिकारियों के साथ बातचीत के लेकर रूसी प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख ने कहा कि यूक्रेन के न्यूट्रल स्टेटस को लेकर दोनों पक्ष समझौते करीब हैं। व्लादिमीर मेडिंस्की ने शुक्रवार को कहा कि यूक्रेन के नाटो में शामिल होने के मुद्दे पर भी दोनों पक्षों के बीच मतभेदों कम हुआ है। हालांकि, यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की के सलाहकार मिखाइलो पोडोलियाक ने ट्वीट किया कि हमारे रूख में बदलाव नहीं हुआ है। अमेरिका और उसके सहयोगियों ने रूसी पर कई तरह के प्रतिबंध लगाए हैं। अंतरराष्ट्रीय कंपनियों ने रूस से अपना कारोबार समेट लिया है। इससे रूस की अर्थव्यवस्था को काफी नुकसान हुआ है।