Russia-Ukraine War: रूस और यूक्रेन की बीच छिड़ी जंग में शनिवार(10 सितंबर) को रूस के हाथों पूर्वोत्तर यूक्रेन में अहम शहर हाथ से फिसल गया है। बता दें कि यूक्रेनी सेना के तेजी से आगे बढ़ने के बाद युद्ध में रूस के लिए यह बड़ा झटका है। दरअसल यूक्रेनी सेना के आक्रामक रूख के चलते रूसी सैनिकों ने उत्तरपूर्वी यूक्रेन में अपना मुख्य गढ़ छोड़ दिया है।
शनिवार को खार्किव प्रांत में रूसी सैनिकों का तेजी से पीछे हटना इस लड़ाई में रूस का अब तक का सबसे बड़ा बैकफुट होना माना जा रहा है। इससे पहले मार्च में रूसी सैनिकों को राजधानी कीव से वापस भेज दिया गया था। रूस और यूक्रेन के बीच 6 महीने से चल रहे युद्ध में यह एक निर्णायक मोड़ साबित हो सकता है। शहर छोड़ने के साथ ही हजारों रूसी सैनिकों ने गोला-बारूद के भंडार और उपकरणों को भी वहीं छोड़ दिया।
रूसी सैनिकों को आसपास के क्षेत्र को छोड़ने का आदेश मिला है। इसके साथ कहा गया है कि सैनिक पड़ोसी डोनेट्स्क में कहीं और अभियान को मजबूत करें। TASS ने बताया कि रूसी प्रशासन के प्रमुख ने अपने सैनिकों को खार्किव में प्रांत को खाली करने के लिए कहा है।
वहीं राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की ने पुतिन की सेना को पीठ दिखाने में माहिर बताया है। बीते शनिवार की शाम एक वीडियो संबोधन में जेलेंस्की ने कहा कि अपनी पीठ दिखाने के लिए रूसी सेना इन दिनों अपनी सबसे अच्छी क्षमता का प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने कहा कि यूक्रेनी सेना ने इस महीने की शुरुआत में रूस के खिलाफ सख्त जवाब देते हुए लगभग 2,000 वर्ग किलोमीटर (770 वर्ग मील) क्षेत्र को मुक्त करा लिया है।
दरअसल रूस द्वारा युद्ध छेड़ने के दौरान माना जा रहा था कि रूसी सेना खार्कीव और इसके आस-पास के इलाकों पर आसानी से कब्जा कर लेगी। लेकिन रूसी सैनिकों को इसके लिए मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। जंग में यूक्रेनी सेना रूसी सेना को जबरदस्त टक्कर देती दिख रही है। बता दें कि खार्कीव रूस की सीमा के करीब है। इसकी रूस से सिर्फ 40 किलोमीटर है।