राष्ट्रपति ब्लादिमिर पुतिन की युनाइटेड रशिया पार्टी को देश के संसदीय चुनाव में आसान और बड़ी जीत हासिल हुई है। यह नतीजा साल 2018 में पुतिन के चौथी बार राष्ट्रपति बनने का मार्ग प्रशस्त कर सकता है। रविवार (18 सितंबर) को स्टेट ड्यूमा की 450 सीटों के लिए मतदान हुआ था। यह चुनाव सुचारू रूप से संपन्न हो गया, हालांकि पिछले बार के चुनाव में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन देखने को मिला था। चुनाव में मतदान 50 फीसदी से कम रहने से यह भी संकेत मिला कि रूसी लोगों का मौजूदा व्यवस्था से मोहभंग हो रहा है और इस चुनाव की वैधानिकता पर सवाल खड़े हो सकते हैं। मतदान के बाद पुतिन ने कहा, ‘हम पूरे यकीन के साथ घोषणा कर सकते हैं कि पार्टी को अच्छी कामयाबी मिली है। वह जीत गई है। हालात कठिन है, लेकिन लोगों ने एकीकृत रूस के लिए मतदान किया है।’
रूस में अब तक 93 फीसद से अधिक मतों की गिनती हो चुकी है। इसमें पुतिन की पार्टी को करीब 54.3 प्रतिशत मत हासिल हुए जिससे 450 सदस्यों वाली संसद में उनकी कम से कम 343 सीटें पक्की हो गयी हैं। पिछली बार उसे 238 सीटें मिली थीं। पुतिन की पार्टी के पीछे दो अन्य राजनीतिक दल कम्युनिस्ट पार्टी और कट्टरपंथी राष्ट्रवादी विचारधारा वाली लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी हैं। इनको क्रमश: 13.5 और 13.2 फीसदी मत हासिल हुए हैं। जस्ट रशिया पार्टी को 6.2 फीसदी वोट मिले हैं।
क्रीमिया यूक्रेन से अलग होकर रूस का हिस्सा बन गया, पश्चिम के साथ रूस का टकराव बढ़ गया, आर्थिक संकट की स्थिति पैदा हो गई और सीरिया में रूस ने सैन्य अभियान शुरू किया। इन सबके बावजूद पुतिन की लोकप्रिया का ग्राफ निरंतर ऊंचा बना हुआ है। करीब 80 फीसदी लोग आज भी पुतिन को अपना सबसे प्रिय नेता मानते हैं। प्रशासन ने इस चुनाव को सुचारू रूप से संपन्न कराने का प्रयास किया ताकि 2018 में पुतिन के चौथी बार राष्ट्रपति बनने का रास्ता साफ हो सके।
हाल के कुछ वर्षों में रूस भले ही नाटकीय घटनाक्रमों का गवाह बना हो, लेकिन स्टेट ड्यूमा के चुनाव के लिए प्रचार अभियान बेहद फीका रहा। उच्च वर्ग के मतदाताओं की उदासीनता से ऐसा लगा कि मतप्रतिशत काफी कम रहने वाला है। देश के पूर्वी हिस्से में मतदान शनिवार को वैश्विक समयानुसार रात आठ बजे आरंभ हुआ। रूस के कालिनग्राद इलाके में रविवार (18 सितंबर) मतदान वैश्विक समयानुसार शाम छह बजे संपन्न हुआ। पहली बार क्रीमिया के करीब 11 लाख मतदाता रूसी सदन ड्यूमा के लिए मतदान में हिस्सा ले रहे हैं। ड्यूमा की कुल 450 सीटों के लिए मतदान हो रहा है।