रूस ने सोमवार को यूक्रेन पर बड़ा आरोप लगाया है कि यूक्रेन ने मॉस्को और सेंट पीटर्सबर्ग के बीच स्थित राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आवास पर रात भर ड्रोन हमला किया है। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने यह बात सोमवार को कही है।

लावरोव ने कहा कि इस घटना में रूस को कोई नुकसान या हताहत नहीं हुआ है। रूस ने जवाबी हमलों के लिए यूक्रेन में लक्ष्य चुन लिए हैं।

91 ड्रोन दागे गए

उन्होंने कहा कि नोवगोरोड इलाके में पुतिन के आधिकारिक आवास पर 91 ड्रोन दागे, जिन्हें हवा में ही मार गिराया गया। लावरोव ने कहा कि इस हमले के जवाब में यूक्रेन पर मॉस्को के आक्रमण को समाप्त करने के लिए चल रही शांति वार्ता में रूस की बातचीत स्थिति में संशोधन करेगा।

जेलेंस्की ने दावे को बताया झूठा

हालांकि, यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने रूस के इस दावेर को झूठ बताया और उनके दावे को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में कहा, “रूस एक बार फिर खतरनाक बयानबाजी कर रहा है, राष्ट्रपति ट्रम्प की टीम के साथ हमारे साझा राजनयिक कोशिशों की सभी उपलब्धियों को कमजोर करने का प्रयास कर रहा। हम शांति के लिए काम करते रहेंगे।”

आगे कहा,”यह कथित “आवासीय हमले” की कहानी पूरी तरह से मनगढ़ंत है, जिसका मकसद यूक्रेन, खासकर कीव पर और हमले करना और रूस द्वारा युद्ध समाप्त करने के लिए जरूरी कदम उठाने से इनकार करना है। यह रूस का सफेद झूठ है। इसके अलावा, रूस पहले भी कीव को निशाना बना चुका है, जिसमें मंत्रिमंडल भवन भी शामिल है। यूक्रेन कूटनीति को कमजोर करने वाले कदम नहीं उठाता। हालांकि इसके उलट, रूस हमेशा ऐसे कदम उठाता है। अब दुनिया का बोलना बेहद जरूरी है। हम रूस को स्थायी शांति हासिल करने के प्रयासों को कमजोर करने की अनुमति नहीं दे सकते।”

यह भी पढे़ं: Trump Zelensky Meeting: ‘रूस यूक्रेन को सफल होते देखना चाहता है’, ट्रंप बोले- शांति समझौता जल्द